Jaipur BJP Office Power Cut: जयपुर में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को एक बेहद हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जब मीडिया से मोदी सरकार के 12 साल के कामकाज और उपलब्धियां बता रहे थे, तभी महज 15 मिनट के भीतर तीन बार बिजली गुल हो गई. सबसे बड़ी बात यह थी कि उस समय मंच पर राज्य के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद थे.
ADVERTISEMENT
हाईटेक माने जाने वाले इस दफ्तर में बिजली कटने के बाद जनरेटर भी काम नहीं आया, जिससे पूरे हॉल में सन्नाटा पसर गया. इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने स्थिति को संभाला और टीवी कैमरों व मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट की रोशनी में ही अपनी बात जारी रखी. उन्होंने इसी रोशनी के बीच मोदी सरकार के 12 साल के कामकाज और उपलब्धियों का ब्योरा दिया.
मोबाइल टॉर्च की रोशनी में चली प्रेस कॉन्फ्रेंस
बिजली जाने के बाद भाजपा मुख्यालय का सभागार अंधेरे में डूब गया. ऐसे में वहां मौजूद पत्रकारों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट चालू कर दी. इसी रोशनी में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव करीब 13 मिनट तक मीडिया से बातचीत करते रहे.
कार्यक्रम के दौरान वैकल्पिक बिजली व्यवस्था तुरंत उपलब्ध नहीं हो सकी. इसके चलते पार्टी पदाधिकारी और कर्मचारी बैकअप व्यवस्था जुटाने में लगे रहे. अचानक आई इस तकनीकी परेशानी ने वीआईपी कार्यक्रम को कुछ देर के लिए प्रभावित जरूर किया, लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस जारी रही.
ग्रिड में खराबी बनी वजह
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जयपुर डिस्कॉम के इंजीनियरों ने डबल सर्किट से बिजली सप्लाई बहाल करने की कोशिश की थी. लेकिन हीरापुरा स्थित 400 और 220 केवी ग्रिड सब-स्टेशन पर तकनीकी फॉल्ट आ जाने के कारण तुरंत सप्लाई चालू नहीं हो सकी. इस घटना ने बीजेपी के हाईटेक प्रदेश कार्यालय की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि मौके पर कोई चालू जनरेटर (डीजी) सेट उपलब्ध नहीं था.
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फीडर शटडाउन की वजह से दो ट्रांसफार्मर ट्रिप हो गए थे, जिसके चलते करीब 10 मिनट तक पूरी तरह बिजली ठप रही. मामले की गंभीरता को देखते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा, "ऐसे बड़े मौके पर बिजली गुल होना बेहद गंभीर विषय है. पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है और जो भी अधिकारी या कर्मचारी जिम्मेदार पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी."
अशोक गहलोत पर कसा तंज
बिजली संकट के बीच केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया राजनीतिक बयान पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता का विश्वास जीतने और देश के विकास के लिए काम करती है.
वैष्णव ने तंज कसते हुए कहा कि राजनीतिक तोड़फोड़ और जादूगरी जैसे काम "जादूगरों" के लिए छोड़ देने चाहिए. भाजपा केवल "राष्ट्र प्रथम" की नीति पर चलती है और उसी दिशा में कार्य करती है. उनका यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है.
ADVERTISEMENT


