जयपुर के बगरू इलाके में सरकारी स्कूल को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है. रामपुरा-कंवरपुरा गांव में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम और ग्रामीणों के बीच शुक्रवार को विवाद हुआ था. अब दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है. पुलिस ने मारपीट और उपद्रव के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
स्कूल का जायजा लेने पहुंची थी CJP टीम
CJP की टीम शुक्रवार को 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत रामपुरा-कंवरपुरा गांव पहुंची थी. पार्टी के कार्यकर्ता गांव के सरकारी स्कूल की स्थिति देखने गए थे. इसी दौरान ग्रामीणों और CJP कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया.
मामला बढ़ने पर ग्रामीणों ने CJP की टीम का विरोध किया. इसके बाद टीम को वहां से वापस जाना पड़ा. बाद में इस घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए.
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत ली
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को गांव में विवाद और पथराव की घटना हुई थी. इसके बाद देर रात शिवदासपुरा थाने में दोनों पक्षों ने शिकायत दी.
CJP कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने एक-दूसरे पर मारपीट और उपद्रव के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर लिया है. अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
CJP ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लगाया आरोप
घटना के बाद CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता सरकारी स्कूल की हालत देखने पहुंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनकी टीम के साथ मारपीट की.
आशुतोष रांका ने यह भी आरोप लगाया कि CJP कार्यकर्ताओं की गाड़ियों के शीशे तोड़े गए. उन्होंने पुलिस से 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है.
शिक्षा विभाग के आदेश पर भी सवाल
CJP प्रवक्ता ने शिक्षा विभाग के हालिया आदेश को वापस लेने की मांग भी की. उनका कहना है कि मांगें नहीं मानी गईं तो पार्टी आंदोलन करेगी.
CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अगर 48 घंटे में स्कूल की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह धरना देंगे.
ग्रामीणों ने हमले से किया इनकार
दूसरी तरफ ग्रामीणों ने CJP के आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि गांव वालों ने टीम पर हमला नहीं किया. ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने CJP कार्यकर्ताओं को समझाया और वहां से वापस भेज दिया.
ग्रामीण जुगल किशोर शर्मा ने दावा किया कि CJP के करीब 200 से 250 लोग गांव में आए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि टीम ने अपनी गाड़ी खुद तोड़ी. उन्होंने यह भी बताया कि विधायक की ओर से स्कूल के लिए 12 लाख रुपये मंजूर किए जा चुके हैं.
'स्कूल को तोड़ने नहीं देंगे'
ग्रामीण अनु शर्मा ने कहा कि गांव के सरकारी स्कूल में 20 से 25 बच्चे पढ़ते हैं. उनका कहना है कि ग्रामीण स्कूल को तोड़ने नहीं देंगे.
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल को लेकर गांव में पहले से काम और बजट से जुड़ी जानकारी मौजूद है. ऐसे में CJP की टीम के पहुंचने के बाद विवाद क्यों बढ़ा, इसे लेकर दोनों पक्षों की अपनी-अपनी बात है.
अब जांच से साफ होगी पूरी तस्वीर
फिलहाल रामपुरा-कंवरपुरा गांव के विवाद में दोनों पक्षों की शिकायत पुलिस के पास दर्ज हो चुकी है. CJP ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला करने और गाड़ियों में तोड़फोड़ का आरोप लगाया है. वहीं ग्रामीणों ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है.
ADVERTISEMENT


