पिंक सिटी की खूबसूरती, यहां की आबोहवा को एक फिर कलियुगी अपराध का काला धब्बा लगा है. 27 साल के महेश मीणा की मौत की पूरी कहानी सामने आ गई है. जिस मौत को सभी बीमारी समझ रहे थे वो साजिशन हत्या निकली. सुबह पत्नी के साथ बाइक पर निकला महेश...शाम को शव घर क्यों पहुंचा. पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार हो गया. फूट-फूटकर रो रही कविता को देख हर किसी के आंखों में आंसू आ गए थे. महेश के पिता बाबूलाल दुखी तो थे पर बहू की बताई कहानी हजम नहीं कर पा रहे थे. अब पूरे मामले में पुलिस ने खुलासे का दावा करते हुए आरोपी पत्नी कविता, उसके प्रेमी गणेश को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
विश्वकर्मा थाना पुलिस ने मामले में सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि महेश मीणा की मौत प्राकृतिक नहीं बल्कि हत्या थी. बाकायदा इसके लिए प्लानिंग की गई थी. महेश के जूस में उसकी ही पत्नी कविता ने सल्फास की गोलियां मिला दी थी. जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो उसने अपने बॉयफ्रेंड गणेश को बुलाया. गणेश अपने दो साथियों के साथ बाइक से मौके पर पहुंचा. दोस्तों की मदद से बाइक पर महेश को वे रोड नंबर 14 की ओर लेकर गए. एक बाइक पर दोनों दोस्त थे और बीच में महेश था. दूसरी बाइक पर गणेश के साथ कविता थी.
इधर कविता ने घटना को सामान्य बीमारी बताया
पुलिस के मुताबिक कविता ने पूरी घटना को सामान्य बीमारी का रंग दिया और देवर को फोन पर बताया कि महेश की तबीयत खराब हो गई है. इधर महेश का भाई मनीष अपनी बहन संतोष को लेकर रोड नंबर 14 पुलिया के पास पहुंचा. सभी महेश को एक नजदीकी निजी अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
5 अगस्त को सुबह क्या हुआ था ?
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के मुताबिक 5 अगस्त को महेश मीणा अपनी पत्नी कविता को दवा दिलाने के मोटरसाइकिल से बोराज लेकर गया था. पुलिस जांच के मुताबिक बोराज जाने के बाद कविता महेश को बस्सी के नईनाथ धाम इलाके में लेकर गई. पुलिस का दावा है कि यहीं षड्यंत्र के तहत कविता ने जूस में सल्फॉस की गोलियां मिलाकर महेश को पिला दिया.
मृतक के पिता को बहू की कहानी पर हुआ संदेह
इधर मृतक महेश के पिता बाबूलाल मीणा को बहू कविता की कहानी पच नहीं रही थी. परिवार वालों को भी उसकी चाल चलन से आशंका होने लगी. बाबूलाल ने तय किया कि बेटे के अस्थि विसर्जन में बहू कविता भी हरिद्वार जाएगी. कविता के हरिद्वार जाते ही बाबू लाल ने घटनास्थल के आसपास के CCTV की जांच कराई. एक स्थान पर दो बाइक दिखी. एक बाइक पर तीन लोग सवार थे. बीच में महेश मीणा था. दूसरी बाइक पर गणेश और कविता सवार थे. बाइक जैसे ही रुकी तो महेश उतरते ही लड़खड़ाने लगा और जमीन पर बैठ गया. दूसरे सीसीटीवी में महेश एक दुकान के सामने लेटा हुआ था. एक युवक उससे कुछ बातें कर रहा था. कविता वहां खड़ी थी.
परिजनों ने बताई एक और कहानी
इधर कविता जब हरिद्वार से लौटकर आई तो परिजनों ने उसे सीसीटीवी का फुटेज दिखाया. परिजनों का दावा है कि वो फुटेज देखकर अनजान बनने लगी. परिजनों का ये भी दावा है कि जब उन्होंने कविता से महेश की मौत के बारे में पूछा तो वो बताते हुए हंसने लगी. परिजनों ने चुपके से इसका वीडियो बना लिया. वहीं एक दूसरे वीडियो में वो किसी से बात कर रही है. वो ये कहती हुई दिख रही है कि 'मैं तो फंस गई, अब घर वाले मुझे मार देंगे'. यही नहीं वो ये भी कह रही है कि 'कितना छुपेगा, पकड़ा तो वो भी जाएगा.' दावा है कि कविता ये बात आरोपियों से कर रही थी. हालांकि पुलिस इन सभी वीडियो को लेकर आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पुलिस ये भी जानने की कोशिश कर रही है कि उसने पति महेश को क्यों मारा ?
तस्वीरों में देखें इस षड्यंत्र और हत्या की पूरी कहानी
परिजनों का दावा- गणेश के साथ कविता के थे संबंध
इधर महेश के परिजनों का दावा है कि गणेश और कविता का पिछले 9 सालों से अफेयर है. कविता की शादी महेश के साथ साल 2024 में हुई थी. दावा ये भी है कि इस बीच कविता गणेश के साथ लगातार संपर्क में थी. वो गणेश के साथ दो बार ससुराल से भागी भी है. हालांकि से सब जांच का विषय है. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


