Jaipur news: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तर्ज पर अब राजस्थान में भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रशासन का बुलडोजर पूरी रफ्तार से गरज रहा है. राजधानी जयपुर के मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के नंदपुरी इलाके में जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने सोमवार तड़के एक बेहद संवेदनशील और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. सड़क चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहे अवैध धार्मिक ढांचों को जेडीए के बुलडोजर ने जमींदोज कर दिया.
ADVERTISEMENT
इंटरनेट बंद, छावनी में तब्दील हुआ इलाका
मामले की संवेदनशीलता और तनाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने रविवार रात से ही पूरे नंदपुरी अंडरपास और मालवीय नगर इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया था. जगह-जगह मल्टी-लेवल बैरिकेडिंग की गई थी. सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ संदेश को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने इलाके में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी थीं. मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी, आरएसी (RAC) के जवान और आला अधिकारी तैनात रहे.
नूरानी मस्जिद समेत 5 ढांचों पर बड़ी कार्रवाई
जेडीए के अधिकारियों के मुताबिक, जगतपुरा को जवाहर सर्किल से जोड़ने वाली सड़क को 80 फीट चौड़ा किया जाना है. इस विकास परियोजना की जद में कई अवैध धार्मिक निर्माण आ रहे थे. जेडीए ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी धर्म को देखकर नहीं, बल्कि सिर्फ अतिक्रमण देखकर की गई है. इस अभियान के तहत मुख्य रूप से नूरानी मस्जिद के करीब 70 प्रतिशत अवैध हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया. इसके अलावा, सड़क सीमा में आने वाले एक मजार, दो छोटे मंदिर और एक सत्संग भवन (धर्मशाला) पर भी बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ ऑपरेशन
कार्रवाई के दौरान धूल के गुबार और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पानी के टैंकरों का इस्तेमाल किया गया. पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे ऑपरेशन में मीडिया, प्रशासन और आम जनता का पूरा सहयोग रहा, जिसके चलते इतनी बड़ी और संवेदनशील कार्रवाई पूरी तरह से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई. हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस का भारी जाब्ता अग्रिम आदेशों तक मौके पर तैनात रहेगा. इस कार्रवाई ने एक बार फिर प्रदेश में विकास बनाम धार्मिक भावनाओं की नई बहस छेड़ दी है.
'ऐसी सरपंच हर गांव को मिले!' शहरों को मात दे रहा राजस्थान का अनोखा गांव, खूब मिल रही तारीफ
ADVERTISEMENT


