जयपुर शर्मसार: मालवीय नगर में गर्भवती महिला के साथ दिनदहाड़े अश्लील हरकत, CCTV में कैद हुई दरिंदगी

Jaipur Crime News: जयपुर के मालवीय नगर में एक गर्भवती महिला के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है. घटना का CCTV फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

NewsTak
पहले आरोपी गर्भवती का पीछा करता है...सुनसान पाकर उसे छेड़ता है फिर फरार हो जाता है.

विशाल शर्मा

follow google news

राजस्थान की राजधानी जयपुर में महिलाओं के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. ताजा मामला शहर के पॉश इलाके मालवीय नगर से सामने आया है, जहां एक गर्भवती महिला के साथ सरेआम अश्लील हरकत की गई. इस घटना ने एक बार फिर राह चलती महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है. 

Read more!

घटना 25 मार्च की शाम करीब 6:00 बजे की है. पीड़ित गर्भवती महिला फोन पर बात करते हुए पैदल जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात बदमाश ने उसे दबोच लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा. अचानक हुए इस हमले से महिला सहम गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाना शुरू कर दिया.

CCTV में कैद हुई वारदात 

महिला के चिल्लाने पर जब तक आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ते, आरोपी मौके से फरार हो गया. हालांकि, यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बेखौफ दरिंदा महिला को निशाना बना रहा है. 

पुलिस की कार्यशैली पर सवाल 

हैरानी की बात यह है कि घटना 25 मार्च की है, लेकिन पुलिस ने मामले में तत्परता नहीं दिखाई. जब यह मामला मीडिया में आया और वीडियो वायरल हुआ, तब जाकर पुलिस हरकत में आई. जयपुर पूर्व की डीसीपी रंजीता शर्मा ने अब मामले का संज्ञान लिया है और दावा किया है कि आरोपी की पहचान की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. 

बेटियां कैसे होंगी सुरक्षित? 

जयपुर में पिछले कुछ दिनों में इस तरह की यह दूसरी बड़ी घटना है. कुछ दिन पहले ही बाइक पर जा रही एक युवती के साथ भी सरेआम शोषण का मामला सामने आया था. राजधानी में दिनदहाड़े हो रही इन वारदातों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के 'सुरक्षित राजस्थान' के दावों की पोल खोल दी है. 

'नशे में थे, सोचा नहीं था'... जयपुर में रैपिडो बाईक पर जा रही महिला को छेड़ने वाले आरोपी ने बताया कि ऐसा क्यों किया

 


 

    follow google news