'नशे में थे, सोचा नहीं था'... जयपुर में रैपिडो बाईक पर जा रही महिला को छेड़ने वाले आरोपी ने बताया कि ऐसा क्यों किया

जयपुर के मानसरोवर में लड़की के साथ छेड़खानी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है. शराब के नशे में वारदात को अंजाम देने वाले इन बदमाशों ने खुद ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला था, जिससे पुलिस को उन्हें पकड़ने में मदद मिली.

राजस्थान न्यूज
राजस्थान न्यूज

देव अंकुर वधावन

follow google news

पिंक सिटी जयपुर से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां मानसरोवर क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक लड़की के साथ छेड़खानी की. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जयपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों ने कुबूल किया है कि वे नशे में थे और उन्हें अंदाजा नहीं था कि उनकी यह घिनौनी करतूत कैमरे में कैद हो जाएगी.

Read more!

वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आई पुलिस

यह मामला तब प्रकाश में आया जब एनसीआईबी (NCIB) पोर्टल पर एक वीडियो अपलोड हुआ. वीडियो में साफ दिख रहा था कि दो बाइक सवार एक लड़की का पीछा कर रहे थे और उनमें से एक ने लड़की के साथ बदसलूकी की. जयपुर पुलिस की टीम ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए घटना स्थल (इस्कॉन रोड) की तस्दीक की और आरोपियों की पहचान शुरू की.

टोंक से दबोचे गए आरोपी

पुलिस टीम को लीड कर रहे गुरु भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद मुख्य आरोपी सुदामा मीणा और उसके साथी मनराज को भनक लग गई थी कि पुलिस उन्हें ढूंढ रही है, जिसके बाद वे फरार हो गए थे. पुलिस ने पीछा करते हुए इन्हें टोंक से गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, इनमें से एक आरोपी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है.

"हाथ अड़ गया था..." - आरोपी की बेशर्म दलील

जब राजस्थान तक की टीम ने आरोपियों से सवाल किए, तो मुख्य आरोपी सुदामा मीणा ने बेहद शर्मनाक सफाई दी. उसने पहले कहा कि बाइक का बैलेंस बिगड़ने से 'हाथ अड़ गया' था, लेकिन जब उसे बताया गया कि वीडियो में उसकी करतूत साफ दिख रही है, तो उसने माना कि उस वक्त वे चारों शराब के नशे में धुत थे. हैरानी की बात यह है कि छेड़खानी का वीडियो भी इनके ही एक साथी ने बनाया था और मजे लेने के लिए इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया था, जो बाद में उनके गले की फांस बन गया.

पुलिस की चेतावनी

जयपुर पुलिस ने साफ किया है कि महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. वायरल वीडियो के आधार पर साक्ष्य जुटाकर इन चारों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है. शहर में बढ़ रही छेड़छाड़ की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अब सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और गश्त को और कड़ा करने जा रही है.

 

    follow google news