जयपुर: हनीमून के बाद नई नवेली दुल्हन के मोबाइल को खंगाला तो पति रह गया दंग, 3 महीने में ही सब बदला! 

मोहित गुर्जर

• 12:24 PM • 15 Jul 2026

जयपुर में कनाडा से लौटे एक युवक के साथ शादी के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. शादी के 3 महीने बाद ही पत्नी 33 तोला सोना और 6 लाख रुपये लेकर फरार हो गई. पति का आरोप है कि महिला के मोबाइल में अन्य लड़कों के साथ आपत्तिजनक चैट्स मिले हैं और उसके दिए गए सभी पते भी फर्जी निकले.

jaipur
jaipur
Google CTA

राजस्थान की राजधानी जयपुर से शादी और भरोसे के रिश्ते को तार-तार करने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने मेट्रोमोनियल साइट के जरिए शादी करने के महज 3 महीने बाद ही अपनी पत्नी और उसके परिवार पर ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी समेटकर फरार होने का संगीन आरोप लगाया है. पीड़ित पति कनाडा से पढ़ाई पूरी कर भारत लौटा था. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और जांच में जुट गई है.

Read more!

शादी के बाद बदलने लगा पत्नी का बर्ताव

पीड़ित युवक जयपुर के न्यू सांगानेर रोड का निवासी है. मेट्रोमोनियल वेबसाइट के माध्यम से उसकी मुलाकात एक युवती से हुई थी, जिसके बाद दोनों परिवारों की रजामंदी से 26 मार्च 2026 को जगतपुरा में बिना किसी दहेज के यह शादी संपन्न हुई थी. युवक का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बीतते ही उसकी पत्नी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया. वह लगातार महंगे गिफ्ट, नया आईफोन और लग्जरी लाइफस्टाइल की डिमांड करने लगी. मांगें पूरी न होने पर उसने वैवाहिक संबंध बनाने से भी इनकार कर दिया.

हनीमून पर डिमांड और सोशल मीडिया के चौंकाने वाले राज

FIR में किए गए दावों के मुताबिक, पत्नी की जिद पर इंडोनेशिया में हनीमून का प्लान किया गया था, लेकिन वहां पहुंचते ही उसने स्विट्जरलैंड ले जाने, महंगी क्लबिंग, शराब और नॉनवेज पार्टियों की डिमांड शुरू कर दी. विवाद तब और बढ़ गया जब 6 मई की रात को पति ने पत्नी का मोबाइल देखा.

आरोप है कि महिला के इंस्टाग्राम और स्नैपचैट पर कई अन्य युवकों के साथ आपत्तिजनक चैट्स, न्यूड तस्वीरें, वीडियो और पैसों के लेनदेन के सबूत मिले. कई लड़कों द्वारा उसके बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर किए जाने की बात भी सामने आई है.

लाखों के जेवरात और नकदी लेकर हुई फरार

इस बात पर जब दोनों के बीच झगड़ा हुआ तो पत्नी ने अपने परिवार को जयपुर बुला लिया और उनके साथ मायके चली गई. युवक का आरोप है कि उसके जाने के बाद जब अलमारी की जांच की गई, तो उसमें से 33 तोला सोना, 300 ग्राम चांदी, डायमंड व पन्ने की अंगूठियां और करीब 6 लाख रुपये की नकदी गायब थी. इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से युवक को झूठे मुकदमों में फंसाने और संपत्ति नाम करवाने की धमकियां भी मिलने लगीं.

ससुराल का पता और जानकारियां निकलीं झूठी

पीड़ित का दावा है कि जब वह अपनी पत्नी द्वारा बताए गए पते पर पहुंचा, तो वहां कोई मौजूद नहीं था. शादी के वक्त नौकरी और रिश्तेदारों के बारे में दी गई सभी जानकारियां भी फर्जी निकलीं. फिलहाल जयपुर के मालपुरा गेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी उदयभान यादव के मुताबिक, पति-पत्नी के विवाद और धोखाधड़ी की शिकायत मिली है, जिसकी हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है.