राजस्थान की राजधानी जयपुर के बगरू इलाके से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को शर्मसार करने के साथ-साथ पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं. यहां एक पति ने न केवल अपनी जीवनसंगिनी की बेरहमी से हत्या की, बल्कि वारदात के बाद घंटों तक 'बेचारा' बनकर कानून को गुमराह करने का ऐसा ड्रामा रचा जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया. लेकिन पुलिस के सख्ती के सामने वह ज्यादा देर तक नहीं टिक पाया और राज खुल गया.
ADVERTISEMENT
लाश के पास सिर पटककर रोता रहा कातिल
घटना कृष्णा विहार कॉलोनी की है, जहां 26 साल की सुशीला अपने पति रविंद्र के साथ किराए के मकान में रहती थी. जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो सुशीला की लाश जमीन पर पड़ी थी और उसका पति रविंद्र सिर पटक-पटक कर रो रहा था. वह लोगों से पूछ रहा था कि उसकी पत्नी को किसने मारा. नाटक इस कदर था कि उसने दीवार पर अपना सिर मार लिया, जिससे उसकी नाक से खून निकलने लगा. पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन किसी को नहीं पता था कि यह सब एक सोची-समझी साजिश है.
झगड़े के बाद मनाने गया था ससुराल
मृतका सुशीला बिहार के चंपारण की रहने वाली थी. बताया जा रहा है कि 13 मार्च को दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद सुशीला अपने दो बच्चों को लेकर पास ही रहने वाली अपनी बहन निर्मला के घर चली गई. अगले दिन रविंद्र अपनी पत्नी को मनाने ससुराल पहुंचा. बहन और जीजा के समझाने पर सुशीला मान गई और पति के साथ वापस लौट आई, लेकिन यही उसका आखिरी फैसला साबित हुआ.
शराब के नशे में दिया वारदात को अंजाम
घर लौटने के बाद दोनों में फिर से विवाद हुआ और गुस्से में रविंद्र ने सुशीला का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद वह घर से भाग गया और जमकर शराब पी. घटना का पता तब चला जब सुशीला की बहन ने उसे फोन किया और फोन नहीं उठने पर वह घर पहुंची. वहां सुशीला मृत अवस्था में मिली.
ऐसे बेनकाब हुआ आरोपी
शुरुआत में पुलिस भी रविंद्र की नौटंकी देखकर गुमराह हो गई थी. लेकिन जब रविंद्र का नशा उतरा और पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि सुशीला के माथे पर भी चोट के निशान मिले हैं.
ADVERTISEMENT


