जयपुर के चर्चित अमायरा स्कूल डेथ केस में एक साल बाद एक नया और बड़ा मोड़ सामने आया है. नवंबर 2025 में नीरजा मोदी स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ने 9 साल की मासूम छात्रा अमायरा की मौत के बाद अब उनके माता-पिता ने एक नया क्लासरूम सीसीटीवी (CCTV) वीडियो सार्वजनिक किया है. परिवार का दावा है कि यह वीडियो उनकी बेटी की मौत से ठीक पहले के आखिरी पलों का है, जिससे यह समझने में मदद मिलती है कि उस दिन कक्षा के अंदर आखिर क्या घटित हुआ था. अमाइरा के माता-पिता का आरोप है कि उनकी बेटी लंबे समय से स्कूल में बुलिंग (धौंस जमाने या प्रताड़ित करने) का शिकार हो रही थी और नया वीडियो उनके इन्हीं आरोपों को पुख्ता करता है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला और कब हुई थी घटना
यह दर्दनाक मामला 1 नवंबर 2025 का है, जब जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में पढ़ने वाली चौथी कक्षा की छात्रा अमायरा की स्कूल में गिरने की वजह से काफी गहरी चोटें आई थी, जिसके बाद उसे बेहद गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद पुलिस ने शुरुआत में आत्महत्या का मामला दर्ज किया था. हालांकि, अमायरा के माता-पिता ने पहले दिन से ही यह आरोप लगाया है कि उनकी बेटी लगातार स्कूल में बुलिंग का सामना कर रही थी और स्कूल प्रशासन ने उसकी शिकायतों को कभी गंभीरता से नहीं लिया.
नए सीसीटीवी वीडियो में क्या आया सामने
माता-पिता की तरफ से जारी किए गए नए सीसीटीवी वीडियो में क्लासरूम के अंदर की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं. इस वीडियो के साथ परिवार ने अपना वॉइस ओवर भी जोड़ा है, जिसमें उन्होंने पूरे घटनाक्रम को अपने नजरिए से समझाया है. वीडियो की शुरुआत में अमायरा सामान्य तरीके से क्लास में प्रवेश करती है, अपने एक दोस्त का अभिवादन करती है और अन्य बच्चों के साथ डांस गतिविधियों में भी हिस्सा लेती नजर आती है. लेकिन कुछ समय बाद क्लास का माहौल बदल जाता है.
डिजिटल स्लेट और अमायरा के व्यवहार में बदलाव का दावा
परिवार के वॉइस ओवर के अनुसार, क्लास में कुछ बच्चे एक डिजिटल स्लेट लेकर आते हैं और बार-बार उसे अमायरा को दिखाते हैं. परिवार का दावा है कि इसके बाद से ही बच्ची का व्यवहार अचानक बदलने लगता है और वह असहज, परेशान और बेहद शर्मिंदा नजर आने लगती है. वीडियो में दिख रहा है कि अमायरा कई बार अपनी क्लास टीचर के पास जाकर अपनी बात समझाने की कोशिश करती है और यहां तक कि वह हाथ जोड़ती हुई भी दिखाई देती है. कुछ देर बाद वह अपना मुंह और सिर पकड़कर बैठ जाती है और फिर दोबारा टीचर के पास जाती है.
टीचर के रवैये और स्कूल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
अमायरा के परिजनों का आरोप है कि बच्ची को अलग ले जाकर उसकी बात सुनने के बजाय, दूसरे छात्र लगातार टीचर के पास जाकर उसके बारे में ही बातें करते रहे. परिवार का यह भी दावा है कि क्लास टीचर का रवैया काफी सख्त और डराने वाला था. हालांकि, इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि अमायरा अचानक अकेले ही क्लासरूम से बाहर भाग जाती है. परिवार का आरोप है कि उसके पीछे न तो कोई टीचर गया और न ही स्कूल के किसी स्टाफ ने उसे रोकने का प्रयास किया, बच्ची बिना रोक-टोक ग्राउंड फ्लोर से चौथी मंजिल तक पहुंच गई और वहां से छलांग लगा दी.
जांच अधिकारियों को बदलने और जांच पर उठे सवाल
अमायरा के माता-पिता का कहना है कि यह घटना सिर्फ एक सामान्य हादसा नहीं है, बल्कि स्कूल की कथित लापरवाही, बुलिंग पर कार्रवाई न करने और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी कमी का नतीजा है. अमायरा की मां शिवानी ने न्याय व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने कई बार पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कभी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में अब तक तीन बार जांच अधिकारी (IO) बदले जा चुके हैं, इसके बावजूद मामले में सही धाराएं नहीं लगाई गई हैं. इसके साथ ही उन्होंने स्कूल प्रशासन पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल की प्रिंसिपल इंदु दुबे को बचाने की कोशिश की जा रही है.
ADVERTISEMENT


