Jaipur Woman Harassment Case: जयपुर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. शहर के मालवीय नगर इलाके में दिनदहाड़े एक गर्भवती महिला के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल रहा है, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
घटना 25 मार्च की शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है. मालवीय नगर क्षेत्र में एक गर्भवती महिला कॉलोनी में फोन पर बात करते हुए पैदल जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने अचानक महिला को पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की.
अचानक हुए इस हमले से महिला घबरा गई लेकिन उसने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया. महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग सतर्क होते, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया.
CCTV फुटेज से खुला मामला
पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. हालांकि घटना 25 मार्च की थी, लेकिन इसका वीडियो अब सामने आया है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है.
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद तुरंत कोई मामला दर्ज नहीं किया गया. इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
पुलिस का बयान आया
घटना सामने आने के बाद जयपुर पूर्व की DCP रंजीता शर्मा ने मामले का संज्ञान लिया है. उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी. साथ ही FIR दर्ज न होने की शिकायत पर भी जांच के आदेश दिए गए हैं.
ADVERTISEMENT


