राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. पुलिस ने अपनी पत्नी को सुसाइड के लिए मजबूर करने के आरोपी पीडब्ल्यूडी (PWD) के एक्सईएन (XEN) गौतम मीणा को गुरुवार को हिरासत में ले लिया है. मानसरोवर थाना पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिसके बाद उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की जा सकती है.
ADVERTISEMENT
यह कार्रवाई मृतका अनु मीणा के परिजनों और बच्चों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद की गई है. पुलिस को घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों से कुछ ऐसे पुख्ता सबूत मिले हैं, जो आरोपी की बर्बरता को बयां करते हैं.
CCTV फुटेज और बच्चों के बयानों ने खोली पोल
जांच के दौरान पुलिस को घर के सीसीटीवी फुटेज हाथ लगे हैं. इस फुटेज में आरोपी एक्सईएन गौतम मीणा अपनी पत्नी अनु मीणा के साथ बेरहमी से मारपीट करता और उन पर थूकता हुआ नजर आया था. केवल इतना ही नहीं, दंपती के दोनों बच्चों ने भी अपने पिता के खिलाफ बेहद गंभीर गवाही दी है. बच्चों का आरोप है कि उनका पिता अक्सर शराब के नशे में धुत होकर मां के साथ मारपीट करता था.
अफेयर का विरोध करने पर बढ़ा टॉर्चर
परिजनों के मुताबिक, आरोपी गौतम मीणा का घर की ही एक नौकरानी के साथ अफेयर चल रहा था. जब पत्नी अनु मीणा ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया, तो इसके बाद से प्रताड़ना का सिलसिला और ज्यादा बढ़ गया. अनु को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से टॉर्चर किया जाने लगा, जिससे तंग आकर आखिरकार उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया.
क्या है पूरा मामला?
36 वर्षीय अनु मीणा ने बीते 17 अप्रैल को अपने घर में सुसाइड कर लिया था. यह परिवार जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र के बालाजी विहार में रहता है. घटना के बाद अनु के मायके वालों ने गौतम मीणा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया था. एसीपी (मानसरोवर) आदित्य काकड़े के अनुसार, पुलिस ने मामले से जुड़े सभी रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर लिए हैं.
दूसरी ओर, आरोपी गौतम मीणा ने अपने बचाव में इन आरोपों को गलत बताया है. गौतम का कहना है कि उसने अपनी पत्नी को कभी पैसों के लिए तंग नहीं किया और उसकी 70 फीसदी संपत्ति भी पत्नी के नाम थी. उसका दावा है कि अब बच्चों को उसके खिलाफ भड़काया जा रहा है. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


