राजस्थान की राजधानी जयपुर के खोरा बीसल इलाके में सोमवार शाम को एक अजीबो-गरीब वाकया सामने आया. ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई करने निकली आरटीओ की टीम और एक ट्रक ड्राइवर के बीच बीच सड़क पर जमकर भिड़ंत हो गई. यह पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी सीन जैसा नजर आया, जिसमें पीछा-पकड़ाई, एक महिला की एंट्री और फिर मारपीट तक की नौबत आ गई.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, जयपुर आरटीओ द्वितीय के मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर अनिल बसवाल अपनी टीम के साथ जालसू इलाके में तैनात थे. टीम ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी उन्हें एक संदिग्ध ट्रक आता दिखा. आरटीओ टीम ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने ट्रक रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी. इसके बाद आरटीओ की टीम ने ट्रक का पीछा करना शुरू किया.
महिला ने फिल्मी अंदाज में रोका रास्ता
करीब शाम 4 बजे चक रोजदा के पास ट्रक चालक अचानक वाहन छोड़कर भागने लगा. इसी दौरान वहां मौजूद ड्राइवर की परिचित एक महिला ने मोर्चा संभाल लिया. महिला ने तुरंत ट्रक की स्टेयरिंग थाम लिया और आरटीओ टीम की कार्रवाई का विरोध करने लगी. इंस्पेक्टर अनिल बसवाल ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता गया. काफी देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
सड़क पर हुई मारपीट, वीडियो वायरल
मामला तब और बिगड़ गया जब आरटीओ टीम और गार्ड्स ने ट्रक को कब्जे में लेने की कोशिश की. आरोप है कि इस दौरान आरटीओ इंस्पेक्टर और उनके गार्ड्स ने ड्राइवर को जमीन पर गिराकर पीटा.
वहीं, आरटीओ अफसर का कहना है कि पहले ड्राइवर ने उन पर हमला किया था, जिसके जवाब में उन्होंने बचाव किया. अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस पर भी उठे सवाल
इंस्पेक्टर अनिल बसवाल ने इस मामले में स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जाहिर की है. उनका दावा है कि उन्होंने मदद के लिए करीब 10 बार पुलिस कंट्रोल रूम और खोरा बीसल थाने फोन किया, लेकिन समय पर पुलिस नहीं पहुंची. फिलहाल परिवहन विभाग और पुलिस दोनों ही इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं. बता दें कि इंस्पेक्टर बसवाल पहले भी कई बार विवादों में रह चुके हैं.
ADVERTISEMENT


