Sambhar Murder case: राजस्थान के जयपुर ग्रामीण इलाके से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां लालच और नशे की लत ने रिश्तों की मर्यादा को पूरी तरह तार-तार कर दिया. सांभर इलाके में एक महिला की अचानक हुई मौत और घर से गायब हुए सोने-चांदी के जेवरात ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया था. जांच के बाद पुलिस ने जब इस गुत्थी से पर्दा उठाया तो सच जानकर हर कोई दंग रह गया.
ADVERTISEMENT
घटना 30 जुलाई की है, जब जयपुर ग्रामीण के सांभर इलाके स्थित तेजिया का बांस गांव में मातम पसर गया. गांव में रहने वाली कमला देवी का शव उनके घर में मिला. पहली नजर में मामला हत्या और लूटपाट का लग रहा था, क्योंकि घर से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की.
घर की रेकी के बाद रची गई हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, इस खौफनाक हत्याकांड की साजिश अचानक नहीं रची गई थी. वारदात को अंजाम देने से पहले घर की बाकायदा रेकी की गई थी. आरोपियों ने घर में आने-जाने के समय से लेकर सामान और पैसों के रखे होने तक की पूरी जानकारी जुटाई थी. मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया गया और करीब 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने व नकदी लेकर आरोपी फरार हो गए.
तकनीकी जांच और सीसीसीटीवी फुटेज से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया. तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस का शक मृतका की रिश्ते की भतीजी ललिता देवी पर गया. पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कुचामन सिटी निवासी ललिता देवी और रींगस निवासी उसके प्रेमी बबलू मीणा को डिटेन कर पूछताछ की.
मौज-मस्ती और शराब के शौक के लिए दिया वारदात को अंजाम
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या और लूट की बात स्वीकार कर ली है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी नशे और शराब के आदी थे. अपने शौक, मौज-मस्ती और शराब पार्टी के लिए पैसों का इंतजाम करने खातिर उन्होंने इस खौफनाक कांड को अंजाम दिया. पुलिस ने उनके कब्जे से दो सोने की चूड़ियां, एक जोड़ी पायजेब, टॉप्स, बिछिया, नाक का कांटा, सिक्के और नकदी बरामद कर ली है. फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 'शेर तो कल्ला ही काफी है...' सवाई माधोपुर महिला थाने की रील वायरल, महिला थाना प्रभारी और CI कटघरे में!
ADVERTISEMENT


