राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रिलैक्सेशन और मसाज देने वाले स्पा सेंटर्स की आड़ में देह व्यापार का एक बड़ा और हाईटेक नेटवर्क चलाया जा रहा था. लगातार मिल रही गंभीर शिकायतों के बाद जयपुर पुलिस के मुखिया के निर्देश पर पुलिस टीमों ने शहर के कई इलाकों में एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की. इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने करीब 40 युवक और युवतियों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है.
ADVERTISEMENT
ऑनलाइन और हाईटेक हुआ 'अवैध धंधा'
जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क अब पूरी तरह ऑनलाइन और डिजिटल हो चुका था. ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सोशल मीडिया, मैसेजिंग ऐप्स और खास ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स का सहारा लिया जाता था. निजी चैट के जरिए ग्राहकों को युवतियों की तस्वीरें, अश्लील वीडियो, लोकेशन और बकायदा पूरा रेट कार्ड भेजा जाता था.
होटल बुकिंग से लेकर फुल नाइट पैकेज तक के ऑफर
इस अवैध खेल को बढ़ावा देने के लिए ग्राहकों को कई तरह की एक्स्ट्रा सर्विस के ऑफर दिए जा रहे थे. ग्राहकों को लुभाने के लिए स्पा संचालकों की तरफ से होटल बुकिंग, कैब (टैक्सी) की सुविधा और यहां तक कि 'फुल नाइट पैकेज' तक की पेशकश की जा रही थी.
कई इलाकों में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
जयपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जवाहर सर्किल, सोडाला, महेश नगर और श्याम नगर थाना क्षेत्रों में संचालित कई स्पा सेंटरों पर एक साथ दबिश दी. इस अचानक हुई छापेमारी से पूरे शहर के स्पा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि स्पा और वेलनेस सेंटरों की आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. फिलहाल पुलिस इस रैकेट से जुड़े सोशल मीडिया हैंडल्स, एजेंट्स और बिचौलियों की भूमिका की गहनता से पड़ताल कर रही है.
ADVERTISEMENT


