राजस्थान की राजधानी जयपुर से रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है. एक महिला ने अपने ही पति की हत्या कर दी और पहचान मिटाने के लिए शव को जला दिया. इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के लिए वह खुद थाने जाकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने पहुंच गई. हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के चलते पूरे मामले का चंद घंटों में ही पर्दाफाश हो गया.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
करधनी थाना इलाके में गुरुवार सुबह निवारू पुलिया के पास एक खाली प्लॉट की झाड़ियों में पुलिस को एक अधजली लाश मिली. शव प्लास्टिक के कट्टे में बंधा हुआ था. मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वायड की मदद से सबूत जुटाए. पुलिस को शुरुआती जांच में ही समझ आ गया था कि मर्डर कहीं और हुआ है और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को यहां लाकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई गई है.
पत्नी ने रची थी झूठी कहानी
एक तरफ पुलिस शिनाख्त में जुटी थी, दूसरी तरफ मृतक की पत्नी नोक्षम दूसरे थाने में अपने पति की लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंच गई. पुलिस को महिला की बातों पर शक हुआ और जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
हत्या की वजह और वारदात का तरीका
आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति शेख सहान (निवासी मालदा, पश्चिम बंगाल) आए दिन शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था. बुधवार रात को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद महिला ने गुस्से में हथौड़े से पति के सिर पर वार कर दिया. मौत होने के बाद महिला ने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर शव को कचरा ढोने वाली गाड़ी में लादा और खाली प्लॉट में ले जाकर जला दिया.
हैरानी की बात यह है कि जिस दिन शेख सहान की हत्या हुई, उसी दिन उसका जन्मदिन भी था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT


