जसोल हाउस में आधी रात को 'बड़ी एंट्री'! मुख्य सचिव की मुलाकात से मानवेंद्र सिंह विवाद में आया नया मोड़, क्या सुलझ जाएगा पारिवारिक झगड़ा?

जोधपुर के जसोल हाउस में चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने जसवंत सिंह की पत्नी शीतल कंवर से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि यह निजी संबंधों के साथ-साथ आगामी पीएम दौरे से पहले विवाद को शांत करने की एक कोशिश हो सकती है.

Jasol House Drama
Jasol House Drama

आंचल गुप्ता

follow google news

राजस्थान की राजनीति और मारवाड़ के सबसे प्रतिष्ठित परिवारों में से एक 'जसोल परिवार' का विवाद एक बार फिर चर्चा में है. पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय जसवंत सिंह जसोल के निवास 'जसोल हाउस' में चल रहे हाई-वोल्टेज ड्रामे के ठीक एक महीने बाद एक बड़ी एंट्री हुई है. राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास अचानक जसोल हाउस पहुंचे, जिससे राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं.

Read more!

मुख्य सचिव की मुलाकात और पुरानी यादें

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास देर रात जोधपुर पहुंचे और सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद सीधे पावटा रोड स्थित जसोल हाउस पहुंचे. करीब 40 मिनट तक बंद कमरे में जसवंत सिंह की पत्नी शीतल कंवर के साथ उनकी बातचीत हुई.

आपको बता दें कि यह रिश्ता केवल आधिकारिक नहीं है. जब जसवंत सिंह जसोल देश के दिग्गज नेता थे, तब वी. श्रीनिवास उनके निजी सचिव रह चुके हैं. सूत्रों के मुताबिक, मुख्य सचिव ने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और जसवंत सिंह के सिद्धांत आज भी प्रेरणादायक हैं.

एक महीना पहले क्या हुआ था?

ठीक एक महीने पहले पूरे देश ने वह तस्वीरें देखी थीं जब मानवेंद्र सिंह जसोल अपने ही घर के बाहर खड़े थे और अंदर से गेट पर ताला लगा हुआ था. उनकी मां शीतल कंवर और बेटे हमीर सिंह ने उन्हें अंदर आने से साफ मना कर दिया था. मानवेंद्र सिंह बार-बार गुहार लगाते रहे कि उन्हें केवल अपना सामान ले जाने के लिए अंदर आने दिया जाए, लेकिन दरवाजा नहीं खुला और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा.

विवाद की जड़: क्या है असली वजह?

चर्चाओं और सोशल मीडिया पर वायरल हुए पत्रों के मुताबिक, इस विवाद की शुरुआत हमीर सिंह की शादी के रिसेप्शन से हुई. आरोप है कि मानवेंद्र सिंह वहां अपनी कथित दूसरी पत्नी के साथ पहुंचे थे, जो परिवार के पारंपरिक मूल्यों के खिलाफ था. बेटे हमीर सिंह की ओर से एक पत्र भी सार्वजनिक हुआ था जिसमें कहा गया कि परिवार मानवेंद्र सिंह के किसी भी गैर-राजपूत महिला के साथ रिश्ते को स्वीकार नहीं करता.

पचपदरा रिफाइनरी और पीएम मोदी का दौरा

मुख्य सचिव की इस एंट्री को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 अप्रैल के पचपदरा रिफाइनरी प्रोजेक्ट के उद्घाटन दौरे से भी जोड़कर देखा जा रहा है. कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार नहीं चाहती कि इस बड़े इवेंट के दौरान जसवंत सिंह जैसे बड़े नेता के परिवार का कोई विवाद सुर्खियों में रहे या किसी तरह का कोई असर डाले.

 

    follow google news