राजस्थान के झुंझुनू जिले के पिलानी इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खबर सामने आई है. यहां घूमनसर कला गांव में एक पिता ने अपनी ही 23 वर्षीय बेटी प्रियंका की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी पिता ने इसे हादसा दिखाने की कोशिश की और प्रियंका के सीढ़ियों से गिरने की झूठी कहानी फैला दी. विस्तार से जानिए इस खौफनाक मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
सपनों की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी
प्रियंका एक बीएससी ग्रेजुएट थी और अपनी जिंदगी के सपने संजो रही थी. प्रियंका का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपनी एक सहेली के भाई से प्रेम करती थी और उससे शादी करना चाहती थी. इसी बात को लेकर घर में पिछले कई दिनों से तनाव चल रहा था. शुक्रवार 27 मार्च की रात को भी इसी मुद्दे पर घर में तीखी बहस हुई, जिसके बाद प्रियंका अपने कमरे में चली गई.
रात 1 बजे पिता ने किया खौफनाक हमला
देर रात करीब 1 बजे जब प्रियंका अपने कमरे से बाहर निकली, तो उसका पिता सुरेंद्र कुमार पहले से ही हथौड़ा लेकर घात लगाए बैठा था. जैसे ही प्रियंका सामने आई, सुरेंद्र ने उसके सिर और कनपटी पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए. चोट इतनी गंभीर थी कि प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद पिता ने शोर मचाया कि प्रियंका सीढ़ियों से गिर गई है और रिश्तेदारों को बुलाकर जल्द से जल्द अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी.
मौसी की सतर्कता से खुला राज
जब जयपुर से प्रियंका की मौसी वहां पहुंची, तो उनकी नजर प्रियंका के चेहरे और शरीर पर मौजूद गहरे घावों पर पड़ी. उन्हें तुरंत शक हो गया कि ये चोटें गिरने की नहीं, बल्कि किसी हथियार की हैं. मौसी ने तुरंत झुंझुनू पुलिस को फोन किया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंतिम संस्कार रुकवाया और जब कड़ाई से पूछताछ की, तो पिता के बयानों में विरोधाभास मिला. घटनास्थल पर खून के निशान और प्रियंका की कनपटी पर हथौड़े के वार ने पूरी सच्चाई बयां कर दी.
पुलिस की कार्रवाई और समाज पर सवाल
झुंझुनू पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पिता सुरेंद्र कुमार को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अब इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. यह घटना एक बार फिर 'ऑनर किलिंग' के काले सच को सामने लाती है, जहां अपनी ही संतानों की पसंद और प्यार को समाज और झूठी शान की खातिर मौत के घाट उतार दिया जाता है.
ADVERTISEMENT


