सबसे सुरक्षित माने जाने वाली जोधपुर जेल से आए फोटो-वीडियो से मचा हड़कंप! तलाशी होने पर मिली हैरान करने वाली चीजें

जोधपुर सेंट्रल जेल में मुस्लिम कैदियों के लिए रखी गई इफ्तार पार्टी के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया. इसके तुरंत बाद हुई जेल की सघन तलाशी में बैरक नंबर 7 से 13 मोबाइल और 6 सिम कार्ड बरामद हुए हैं.

Iftar Party
Iftar Party

अशोक शर्मा

follow google news

देश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जोधपुर सेंट्रल जेल एक बार फिर विवादों के घेरे में है. जेल के भीतर आयोजित एक इफ्तार पार्टी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर लीक होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है. आनन-फानन में की गई छापेमारी के दौरान जेल की बैरकों से 13 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.

Read more!

कैसे खुला मामला?

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जेल प्रशासन की ओर से मुस्लिम बंदियों के लिए इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था. शनिवार को इस पार्टी के कुछ फोटो और वीडियो बाहर वायरल हो गए. जैसे ही ये वीडियो जेल अधीक्षक प्रदीप लखावत तक पहुंचे, उन्होंने तुरंत पूरी जेल की तलाशी के आदेश दे दिए.

बैरक नंबर 7 से मिला अवैध सामान

रातानाडा थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि जेल प्रशासन की शिकायत पर दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं. तलाशी के दौरान बैरक नंबर 7 के हॉल नंबर तीन से 11 मोबाइल फोन मिले, जबकि दो अन्य मोबाइल दूसरी जगहों से बरामद हुए. बरामद किए गए फोनों में स्मार्टफोन भी शामिल हैं, जो जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं.

जांच के घेरे में कुख्यात अपराधी

जोधपुर जेल में कई बड़े अपराधी और आतंकी गतिविधियों से जुड़े आरोपी बंद हैं. ऐसे में जेल के अंदर मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल बेहद संवेदनशील माना जा रहा है. जयपुर में बैठे गृह विभाग के उच्च अधिकारी इस मामले पर पैनी नजर रख रहे हैं. अब साइबर एक्सपर्ट्स इन सिम कार्ड्स और मोबाइलों की कॉल डिटेल की जांच करेंगे ताकि पता चल सके कि जेल के अंदर से किन-किन लोगों को फोन किए गए थे.

यह पहला मामला नहीं?

यह पहली बार नहीं है जब जोधपुर जेल चर्चा में आई है. हाल ही में एक बंदी की मौत के बाद परिजनों ने जेल प्रशासन पर अवैध वसूली के आरोप लगाए थे, जिसकी जांच हाईकोर्ट के आदेश पर चल रही है. ताजा मामले के बाद जेल की सुरक्षा और वहां तैनात कर्मचारियों की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है.

    follow google news