जोधपुर: CJP के कार्यक्रम में थप्पड़बाजी और भारी हंगामा! ABVP-BJYM कार्यकर्ताओं पर जबरन घुसने का आरोप, पुलिस ने लिए एक्शन

दिनेश यादव

• 02:12 PM • 24 Aug 2026

Jodhpur CJP Event Controversy: जोधपुर के गांधी शांति प्रतिष्ठान में आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यक्रम में भारी बवाल हो गया. सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका की मौजूदगी वाले इस कार्यक्रम में ABVP और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, दीवार फांदकर अंदर घुसने की कोशिश की और थप्पड़बाजी की, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया.

जोधपुर में CJP कार्यक्रम के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा
जोधपुर में CJP कार्यक्रम के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा
Google CTA

Jodhpur CJP News: राजस्थान के जोधपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यक्रम के दौरान रविवार को भारी हंगामा हो गया. इस दौरान नारेबाजी और थप्पड़बाजी की भी घटना सामने आई है. दरअसल, CJP ने जोधपुर स्थित गांधी शांति प्रतिष्ठान में एक कार्यक्रम आयोजन किया था, जिसमें सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका पहुंचे थे. इसी दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया.

Read more!

दीवार फांदकर परिसर में घुसने का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों और मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब आरोप लगा कि कुछ कार्यकर्ताओं ने गांधी शांति प्रतिष्ठान परिसर की चारदीवारी को कूदकर अंदर दाखिल होने का प्रयास किया. इस दौरान 'जय श्री राम' और मुर्दाबाद के नारे लगे.

हंगामे के बीच कार्यक्रम स्थल के बाहर खड़े एक युवक को एक व्यक्ति ने थप्पड़ मार दिया. थप्पड़बाजी और हाथापाई की इस घटना के बाद मौके पर तनाव काफी बढ़ गया और माहौल गरमा गया.

हॉल में घुसने का प्रयास, पुलिस ने कई को हिरासत में लिया

हंगामे के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने हॉल के अंदर घुसने की कोशिश की, जहां सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका मौजूद थे. मौके पर तैनात पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की और उन्हें बाहर निकाला.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एबीवीपी संयोजक ललित दाधीच और भाजयुमो के प्रदेश प्रवक्ता राजवीर बासा समेत करीब सात-आठ लोगों को हिरासत में (डिटेन) ले लिया.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोग जेएनयू जोधपुर के संदर्भ में चल रहे इस कार्यक्रम स्थल की बाउंड्री वॉल कूदकर जबरन अंदर आने की कोशिश कर रहे थे, जिसके चलते उन्हें डिटेन किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.

पुलिस अलर्ट, सुरक्षा कड़ी की गई

सीजेपी के इस कार्यक्रम में हुए बवाल के बाद जोधपुर पुलिस पूरी तरह से सतर्क हो गई है. सीजेपी के अन्य प्रस्तावित कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और कार्यक्रम स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं से पूछताछ जारी है.

यह भी पढ़ें: जिस स्कूल को लेकर CJP के जाने पर हुआ था बवाल, अब रामपुरा कंवरपुरा के बच्चों को मिली सुरक्षित छत