राजस्थान के जोधपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. उम्मेद अस्पताल के पीजी हॉस्टल के कमरा नंबर 312 में एसएन मेडिकल कॉलेज (SN Medical College) की एनेस्थीसिया विभाग की फर्स्ट ईयर की पीजी छात्रा डॉक्टर निक्की चौधरी (26) मृत अवस्था में मिलीं. मूल रूप से झुंझुनूं की रहने वाली निक्की की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे मेडिकल कॉलेज और हॉस्टल परिसर में सनसनी फैल गई है.
ADVERTISEMENT
तबियत खराब होने के चलते ड्यूटी पर नहीं गईं थीं डॉक्टर निक्की
जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर निक्की चौधरी पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं. उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत थी. जिसके चलते वह बुधवार को भी अपनी ड्यूटी पर नहीं जा पाई थीं. इसके बाद गुरुवार को भी वह अपने हॉस्टल के कमरे में ही थीं.
साथियों ने दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर
गुरुवार शाम जब काफी देर तक निक्की के कमरे से कोई सुगबुगाहट नहीं हुई, तो उनके साथियों ने दरवाजा खटखटाया. अंदर से कोई जवाब न मिलने पर हॉस्टल मैनेजमेंट को इसकी सूचना दी गई. साथियों ने जब दरवाजा तोड़ा, तो निक्की कमरे में बेहोशी की हालत में पाई गईं. उन्हें तुरंत मथुरादास माथुर (MDM) हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां शाम करीब 6:00 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हाथ में लगा था कैनुला, एफएसएल टीम कर रही है जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हॉस्टल के कमरे को सील कर दिया. शुक्रवार सुबह एफएसएल (FSL) और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और कमरे की बारीकी से जांच कर नमूने जुटाए. जांच के दौरान एक अहम बात सामने आई है कि डॉक्टर निक्की ने मौत से पहले कुछ मेडिकल टेस्ट करवाए थे और उनके हाथ में कैनुला (Cannula) भी लगा हुआ था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह कैनुला किसने और कहां लगाया था, उन्होंने कौन सी दवाएं ली थीं और उनकी तबीयत बिगड़ने की असली वजह क्या थी.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
उम्मेद अस्पताल के सुपरिटेंडेंट ने सुसाइड की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असल कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगी. मृतका के परिजन भी जोधपुर पहुंच चुके हैं, और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस हर एंगल से इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: कोटा: अस्पताल में साले ने की जीजा की हत्या, दो मासूम बच्चियों के सिर से उठा पिता का साया, जानिए क्या था विवाद?
ADVERTISEMENT


