राजस्थान: कुत्ते को जेसीबी से लटकाकर की हैवानियत की हदें पार, जोधपुर का ये वीडियो रूह कंपा देगा

जोधपुर में दो फैक्ट्री कर्मचारियों ने एक कुत्ते को खाने का लालच देकर पास बुलाया और फिर उसे जेसीबी से लटकाकर मार डाला. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेसीबी जब्त कर ली है.

राजस्थान वायरल वीडियो
राजस्थान वायरल वीडियो

अशोक शर्मा

follow google news

राजस्थान के जोधपुर से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. शहर के सालावास-बोरानाडा रोड पर एक बेजुबान कुत्ते को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया. आरोपियों ने न केवल कुत्ते को मारा, बल्कि मारने का जो तरीका अपनाया वह किसी की भी रूह कंपा देने के लिए काफी है. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

Read more!

पूरी प्लानिंग के साथ दिया वारदात को अंजाम

वायरल सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि इसे पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया. आरोपियों ने पहले कुत्ते को खाने का लालच देकर पास बुलाया. जब वह बेजुबान पूंछ हिलाता हुआ पास आया, तो आरोपियों ने उसके गले में लोहे के तार का फंदा डाल दिया. इसके बाद फंदे के दूसरे छोर को जेसीबी मशीन के आगे वाले हिस्से (बकेट/लोडर) से बांध दिया गया.

जेसीबी से लटकाकर तड़पा-तड़पा कर मारा

क्रूरता की हदें तब पार हो गईं जब आरोपियों ने जेसीबी के बकेट को ऊपर उठा दिया. बेजुबान कुत्ता हवा में लटक गया और दम घुटने के कारण तड़पने लगा. आरोपियों ने उसे तब तक लटकाए रखा जब तक उसकी जान नहीं निकल गई. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पास के ही कचरे के ढेर में छिपाने की कोशिश की और वहां से फरार हो गए.

दो आरोपी गिरफ्तार, जेसीबी जब्त

घटना की जानकारी मिलने पर डॉग लवर मनोज गहलोत और अन्य पशु प्रेमियों ने विवेक विहार थाने में मामला दर्ज कराया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों, मैनपाल और राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात में इस्तेमाल की गई जेसीबी मशीन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी उसी फैक्ट्री के कर्मचारी बताए जा रहे हैं जिसके बाहर यह वारदात हुई.

आरोपियों का तर्क: "कुत्ता काटता था"

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि कुत्ता बार-बार फैक्ट्री में घुस आता था और मजदूरों को काटता था. हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में कुत्ते की ओर से ऐसी कोई आक्रामकता नहीं दिखी. पशु प्रेमियों और एनजीओ कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर कुत्ता आक्रामक था तो नगर निगम को सूचित किया जा सकता था, लेकिन इस तरह की हैवानियत किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती.

 

    follow google news