जोधपुर: मटन खरीदने पहुंचे युवकों का दुकानदार से विवाद, देखते ही देखते हुई पत्थरबाजी, 4 लोग हिरासत में

मोहित गुर्जर

11 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 11 2026 1:41 PM)

Jodhpur News: राजस्थान के जोधपुर जिले की मसूरिया नट बस्ती में मीट के भाव को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. 800 से 900 रुपये प्रति किलो रेट के महज 100 रुपये के अंतर को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते भारी पथराव और कांच की बोतलें चलने तक पहुंच गई. इलाके में पुलिस तैनात कर चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है.

जोधपुर में मीट के भाव पर बवाल
जोधपुर में मीट के भाव पर बवाल
Google CTA

Jodhpur News: राजस्थान के जोधपुर शहर से एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज घटना सामने आई है. जोधपुर की मसूरिया नट बस्ती इलाके में महज 100 रुपये के मामूली अंतर को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. सड़क पर चारों तरफ पत्थर बिखरे नजर आए, हवा में कांच की बोतलें उछलीं और अचानक मची भगदड़ से इलाके में करीब आधे घंटे तक दहशत का माहौल बना रहा. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आम लोगों को अपनी जान बचाने के लिए घरों और दुकानों में छिपना पड़ा.

Read more!

क्या है पूरा मामला और कैसे शुरू हुआ विवाद?

यह पूरा विवाद मसूरिया नट बस्ती स्थित एक मीट की दुकान पर शुरू हुआ था. कुछ युवक वहां मटन खरीदने पहुंचे थे. आरोप है कि दुकानदार ने पहले मीट का भाव 800 रुपये प्रति किलो बताया, लेकिन बाद में वह 900 रुपये मांगने लगा. इसी महज 100 रुपये के अंतर को लेकर खरीदार और दुकानदार के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

शुरुआत में यह मामला सिर्फ जुबानी बहस तक सीमित था, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के और लोग भी मौके पर जमा हो गए और देखते ही देखते यह मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों तरफ से ताबड़तोड़ पत्थरबाजी शुरू हो गई और एक-दूसरे पर कांच की बोतलें फेंकी जाने लगीं. व्यस्त सड़क पर अचानक मची इस अफरातफरी से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया.

पुलिस ने चार लोगों हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस महकमे में तुरंत हलचल बढ़ गई. देवनगर थाना पुलिस के साथ-साथ प्रताप नगर और प्रताप नगर सदर थाने का अतिरिक्त जाब्ता भी तुरंत मौके पर पहुंचा. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को खदेड़ा और स्थिति पर काबू पाया. इस झड़प में कुछ लोगों के चोटिल होने की भी सूचना है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी एमडीएम अस्पताल भेजा गया.

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शुरुआती जांच और वीडियो फुटेज के आधार पर चार मुख्य लोगों को हिरासत में ले लिया है और देवनगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. इलाके में दोबारा किसी तरह का तनाव या टकराव न हो, इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

 
इनपुट: अशोक शर्मा

यह भी पढ़ें: उदयपुर: पेट्रोल पंप में कैसे पहुंची बिना चालक वाली बाइक? जानें क्या है वायरल वीडियो का सच?