आत्महत्या या कुछ और.. बारात आने से पहले जोधपुर में दो दुल्हन बहनों की मौत! मामा ने लगाया गंभीर आरोप 

जोधपुर के शंभूसिंह की ढाणी (मणाई) में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां दो सगी बहनों ने अपनी शादी के दिन ही आत्महत्या कर ली. दोनों बहनें प्राइवेट स्कूल में टीचर थीं.

Jodhpur
Jodhpur

अशोक शर्मा

follow google news

जोधपुर के मणाई गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां दो सगी बहनों ने अपनी शादी के दिन ही आत्महत्या कर ली. दोनों बहनें निजी स्कूल में टीचर थीं और उनके घर बारात आने वाली थी. इस घटना के बाद घर में मातम पसर गया है, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. प्रारंभिक तौर में दोनों के जहरीला पदार्थ खाने की बात कही जा रही है. 

Read more!

एडीसीपी पश्चिम रोशन मीणा के अनुसार, मणाई गांव निवासी दीप सिंह की बेटियां शोभा और विमला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शवों को जोधपुर के एमजीएच अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

रात को हुई थी बंदोली की रस्म

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर रात घर में बंदोली की रस्म आयोजित की गई थी. रात करीब एक बजे दोनों बहनें अपने कमरे में चली गईं. सुबह करीब चार बजे उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जोधपुर के डहूकिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच पुलिस पहुंची

मृतकों के मामा जसवंत सिंह ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे उन्हें घटना की जानकारी दी गई. इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया. जब पुलिस सुबह छह बजे गांव पहुंची तो अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी. परिजनों के अनुसार, दोनों के शव नीले पड़े हुए थे, जिससे जहर खाने की आशंका जताई जा रही है.

मामा ने जताया दबाव का आरोप

मामा जसवंत सिंह ने आरोप लगाया कि परिवार पर रिश्तेदारों का दबाव था. उन्होंने बताया कि पहले दोनों की सगाई भीनमाल के पुनासा में हुई थी, जो टूट गई. बाद में पोकरण के जेमला गांव में रिश्ता तय हुआ. मामा ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के भीतर के विवाद और दबाव के कारण दोनों ने यह कदम उठाया.

दोनों बहनें थीं प्राइवेट स्कूल की टीचर

शोभा और विमला दोनों प्राइवेट स्कूल में टीचर थीं. पिता दीप सिंह की चार बेटियां हैं. इनमें से एक की पहले ही शादी हो चुकी है, दो की इस घटना में मौत हो गई और एक छोटी बेटी है.

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.

    follow google news