राजस्थान के जोधपुर शहर की यूआईटी कॉलोनी (UIT Colony) से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी मौसेरी बहन की गैंती (एक तरह का औजार) से वार कर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी. इस घटना ने न केवल पुलिस बल्कि पूरे इलाके के लोगों को सन्न कर दिया है। रिश्ते के भाई-बहन की एक ही रात में इस तरह मौत होने से कई अनसुलझे सवाल खड़े हो गए हैं.
ADVERTISEMENT
कमरे में बिखरा था खून, फंदे से लटक रहा था शव
बुधवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को शक हुआ. दरवाजा तोड़कर जब लोग अंदर घुसे, तो मंजर बेहद खौफनाक था. कमरे में 17 साल की भगवती की लाश खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी, उसके सिर पर गैंती से जोरदार हमला किया गया था. वहीं, उसी कमरे में 27 साल का कैलाश फंदे से लटका हुआ पाया गया. पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि पहले कैलाश ने अपनी बहन की हत्या की और फिर खुद सुसाइड कर लिया.
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था भाई
मृतक युवक कैलाश सरकारी नौकरी का सपना देख रहा था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था. उसके पिता किशन लाल जांगिड़ के दो मकान हैं, जहां एक में पूरा परिवार रहता है और दूसरे में कैलाश अकेले पढ़ाई करता था ताकि उसे शांति मिल सके. वहीं, मौसेरी बहन भगवती पाली जिले की रहने वाली थी और वह बीएड (B.Ed) की पढ़ाई कर रही थी. मंगलवार देर शाम वह कैलाश के पास आई थी, लेकिन दोनों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ कि बात कत्ल तक पहुंच गई, यह अभी रहस्य बना हुआ है.
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी, एफएसएल (FSL) टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे. पुलिस का कहना है कि कमरे को अंदर से बंद पाया गया था, जिसे गेट तोड़कर खोला गया. युवती के परिजनों ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई है. थानाधिकारी ईश्वर चंद पारिक ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमडीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और मेडिकल बोर्ड से जांच कराई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह अचानक उपजा गुस्सा था या फिर कोई पुराना विवाद.
सुलगते सवाल: आखिर क्यों हुई हत्या?
पड़ोसियों का कहना है कि कैलाश बेहद शांत स्वभाव का था और हमेशा अपनी पढ़ाई में व्यस्त रहता था. भगवती भी एक होनहार छात्रा थी. ऐसे में दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ, क्या परिवार को किसी बात की भनक थी या फिर कैलाश किसी मानसिक तनाव से गुजर रहा था? इन सवालों के जवाब अब पुलिस की विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएंगे.
यहां देखें वीडियो
यह खबर भी पढ़ें: जोधपुर मर्डर मिस्ट्री: कार्डियक अरेस्ट या मेडिकल लापरवाही? साध्वी प्रेम बाईसा की मौत का वो सच जो डरा देगा!
ADVERTISEMENT

