क्या खाटू श्याम धाम में सिया और चेतन बन चुके थे पति-पत्नी? केतन मर्डर केस में 'वरमाला' की फोटो से मचा हड़कंप!

न्यूज तक डेस्क

• 09:02 AM • 21 Sep 2026

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया और चेतन की खाटू श्याम मंदिर की वरमाला वाली तस्वीर से गुप्त शादी का शक गहरा गया है. हालांकि, मंदिर से कोई कानूनी रिकॉर्ड न मिलने के कारण पुलिस अब फॉरेंसिक और तकनीकी सबूतों के जरिए इस खौफनाक साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

केतन अग्रवाल मर्डर केस
केतन अग्रवाल मर्डर केस
Google CTA

पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच में केतन अग्रवाल हत्याकांड के तार अब राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर से जुड़ते दिख रहे हैं. केस की मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी के बीच के रिश्तों को लेकर रोजाना नए खुलासे हो रहे हैं. पुलिस अब इस बात की पड़ताल में जुटी है कि क्या दोनों ने परिवार से छुपकर दिसंबर 2025 में राजस्थान में शादी रचा ली थी?

Read more!

मोबाइल चैट से मिला पहला सुराग

मामले का खुलासा तब हुआ जब पुणे पुलिस ने सिया और चेतन के मोबाइल फोन और चैट्स की फॉरेंसिक जांच की. कॉल रिकॉर्ड्स और मैसेजेस से संकेत मिले कि दोनों ने अपने-अपने परिवारों की मर्जी के खिलाफ जाकर चुपचाप शादी कर ली थी. इस इनपुट के बाद जुलाई में पुलिस की एक विशेष टीम राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंची.

मंदिर में नहीं मिला रिकॉर्ड

राजस्थान पहुंची पुलिस टीम ने मंदिर प्रशासन से जुड़े दस्तावेजों, मैरिज रजिस्टर और उस समय के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला. हालांकि, पुलिस को वहां ऐसा कोई आधिकारिक रिकॉर्ड या वीडियो नहीं मिला जिससे कानूनी रूप से शादी की पुष्टि हो सके.

इसके बावजूद जांचकर्ताओं के हाथ एक अहम तस्वीर लगी है, जिसने इस थ्योरी को हवा दे दी है. इस फोटो में सिया और चेतन गले में फूलों की वरमाला पहने नजर आ रहे हैं. पुलिस ने इस तस्वीर को केस का अहम सबूत मानते हुए चार्जशीट में शामिल कर लिया है. हालांकि, केवल तस्वीर के आधार पर कानूनी शादी साबित करना पुलिस के लिए अभी भी एक चुनौती बना हुआ है.

अक्टूबर में बढ़ी नजदीकियां

पुलिस जांच के अनुसार, सिया और चेतन के बीच अफेयर की शुरुआत अक्टूबर 2025 के आसपास हुई थी. दोनों के परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे. इसके बावजूद, दिसंबर 2025 में दोनों अपने कुछ दोस्तों के साथ राजस्थान दौरे पर गए थे.

शुरुआत में उन्होंने पुणे से फ्लाइट के जरिए जाने की बुकिंग की थी, लेकिन आखिरी वक्त पर फ्लाइट रद्द होने के कारण वे ट्रेन से राजस्थान पहुंचे और उसी से वापस आए. पुलिस को उनकी इस यात्रा के ठोस सबूत मिले हैं.

एक तरफ सगाई की तैयारी

एक तरफ सिया और चेतन राजस्थान में साथ वक्त बिता रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ सिया के घरवाले उसके लिए रिश्ता ढूंढ रहे थे. आखिरकार सिया का रिश्ता बिजनेसमैन केतन अग्रवाल से तय हो गया. 19 फरवरी 2026 को सिया और केतन की सगाई हुई. वहीं नवंबर 2026 को उदयपुर में दोनों की भव्य शादी तय की गई थी. जांच एजेंसियों का दावा है कि सगाई होने के बाद भी सिया और चेतन एक-दूसरे के संपर्क में थे. जब सिया को लगा कि उसकी शादी केतन से होने जा रही है तो दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया.

आखिर क्या है उस तस्वीर का सच?

फिलहाल इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सस्पेंस उस तस्वीर को लेकर है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फूलों की माला पहने दोनों की वह फोटो सचमुच खाटू श्याम मंदिर में ली गई शादी की तस्वीर है या फिर किसी अन्य कार्यक्रम की? मंदिर से कोई लिखित प्रमाण न मिलने की वजह से पुलिस अब अन्य तकनीकी और फॉरेंसिक सबूतों के जरिए इस गुत्थी को सुलझाने में लगी है.

ये भी पढ़ें: पुणे केतन अग्रवाल केस: राजस्थान के मंदिर में छुपा है कौन सा राज? सीसीटीवी खंगालने पहुंची पुलिस