आज के दौर में जहां लोग ऊंचे पैकेज के पीछे भागते हैं, वहीं कुछ ऐसे भी जुनूनी होते हैं जिनके लिए देश सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है. ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी है दो जांबाज आईपीएस अधिकारियों की, जो जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. यह जोड़ी है IPS कृष्ण कुमार (के.के.) बिश्नोई और IPS अंशिका वर्मा की, जिनकी लव स्टोरी और करियर का संघर्ष आज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
ADVERTISEMENT
गोरखपुर से शुरू हुआ सफर
इन दोनों अधिकारियों की पहली मुलाकात उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हुई थी. उस समय के.के. बिश्नोई गोरखपुर में एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, जबकि अंशिका वर्मा वहां एएसपी के तौर पर काम कर रही थीं. ड्यूटी के दौरान चुनौतीपूर्ण मामलों को सुलझाते हुए दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. परिवारों की सहमति के बाद अब यह जोड़ी 29 मार्च को शादी करने जा रही है.
कौन हैं के.के. बिश्नोई?
राजस्थान के बाड़मेर के रहने वाले के.के. बिश्नोई 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. उन्होंने फ्रांस सरकार की स्कॉलरशिप पर पेरिस से मास्टर डिग्री हासिल की थी. आईपीएस बनने से पहले उन्होंने संयुक्त राष्ट्र (UN) की 30 लाख रुपये सालाना की नौकरी सिर्फ इसलिए ठुकरा दी ताकि वे अपने देश की सेवा कर सकें. संभल के एसपी रहते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई सख्त कदम उठाए और 2500 से ज्यादा अपराधियों पर एक्शन लिया, जिसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सम्मानित भी किया.
कौन हैं लेडी सिंघम अंशिका वर्मा?
यूपी के प्रयागराज की रहने वाली अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं. उनकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के खुद पढ़ाई करके यूपीएससी की परीक्षा पास की. वर्तमान में बरेली में तैनात अंशिका ने 'वीरांगना यूनिट' की शुरुआत की, जहां महिला कमांडो को दंगों और अपराधों से निपटने की विशेष ट्रेनिंग दी जाती है. महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके काम के लिए उन्हें 'वुमेन आइकॉन अवार्ड' से भी सम्मानित किया जा चुका है.
जोधपुर में सजेगी शादी की महफिल
शादी की रस्में 27 मार्च से बाड़मेर में शुरू होंगी और मुख्य समारोह 29 मार्च को जोधपुर में होगा. इसके बाद 30 मार्च को एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें सचिन पायलट, वैभव गहलोत और गायक कैलाश खेर समेत करीब 10 से 15 हजार मेहमानों के पहुंचने की संभावना है. यह शादी केवल दो दिलों का मिलन नहीं, बल्कि मेहनत, ईमानदारी और सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ने की एक मिसाल है. दो अलग-अलग राज्यों और बैकग्राउंड से आने वाले ये अधिकारी अब जीवन की नई पारी भी साथ मिलकर शुरू करेंगे.
यहां देखें वीडियो
यह खबर भी पढ़ें: मानवेंद्र सिंह जसोल के साथ किस महिला का नाम जुड़ा, क्यों मचा इतना बवाल, अंदर की कहानी क्या है?
ADVERTISEMENT

