काम की बात पर शुरू हुई बहस और फिर... कोटा के 'नेशनल टेलर' में इस महिला की बेरहमी से हुई पिटाई, वीडियो वायरल

कोटा के गुमानपुरा स्थित एक टेलर शोरूम में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने महिला सहकर्मी के साथ जमकर मारपीट की. पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी गोलू मंजर को गिरफ्तार कर लिया है.

राजस्थान न्यूज
राजस्थान न्यूज

मोहित गुर्जर

follow google news

राजस्थान के कोटा से एक शर्मनाक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक एक युवती के साथ बेरहमी से मारपीट करता दिखाई दे रहा है. यह पूरी घटना शहर के गुमानपुरा इलाके में स्थित 'नेशनल टेलर' शोरूम की है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, गुमानपुरा स्थित नेशनल टेलर शोरूम में गोलू मंजर नाम का युवक और एक युवती पिछले 4-5 महीनों से साथ काम कर रहे थे. घटना के दिन काम को लेकर दोनों के बीच किसी बात पर 'हॉट टॉक' (कहासुनी) हो गई. बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी गोलू मंजर अपना आपा खो बैठा और उसने युवती पर थप्पड़ों की बौछार कर दी. शोरूम में मौजूद अन्य लोग जब तक बीच-बचाव करते, युवक युवती के साथ मारपीट कर चुका था.

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

वीडियो वायरल होने के बाद गुमानपुरा पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने आरोपी की पहचान गोलू मंजर के रूप में की, जो मकबरा इलाके का रहने वाला है. पुलिस ने उसे शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है और मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की तैयारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि उन्होंने पीड़ित युवती से संपर्क किया था, हालांकि उसने अभी तक आधिकारिक रूप से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है.

शोरूम संचालक का बयान

नेशनल टेलर के संचालक वसीम ने पुलिस को बताया कि दोनों कर्मचारी पिछले कुछ समय से साथ काम कर रहे थे. उनके बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर कहासुनी होती रहती थी. संचालक ने पहले भी दोनों को समझाइश दी थी कि वे केवल अपने काम से मतलब रखें और अनावश्यक बहस न करें. लेकिन उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि मामूली बात इस कदर हिंसक मारपीट में बदल जाएगी.

कोटा जैसे शिक्षा और व्यापार के केंद्र में कार्यस्थल पर महिला के साथ इस तरह की बदसलूकी ने सुरक्षा और कामकाजी माहौल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

 

    follow google news