राजस्थान की शिक्षा नगरी कहे जाने वाले कोटा से खाकी को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली पुलिस का एक सिपाही खुद सड़क पर खौफ का पर्याय बन गया. बारा रोड पर पुलिस लाइन क्षेत्र के पास स्थित एक दुकान पर केवल एक पिज्जा मिलने में हुई देरी के कारण एक कांस्टेबल ने जमकर उत्पाद मचाया, तोड़फोड़ की और राहगीरों के साथ मारपीट की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
पिज्जा मिलने में हुई देरी तो खो दिया आपा
जानकारी के अनुसार, घटना नयापुरा थाना इलाके की है. पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल अजीत बीती रात शराब के नशे में पूरी तरह धुत था. वह बारा रोड पर स्थित एक दुकान पर पिज्जा का ऑर्डर देने पहुंचा. दुकान पर भारी भीड़ होने की वजह से उसका पिज्जा बनने में थोड़ी देरी हो गई. बस इतनी सी बात पर कांस्टेबल का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उसने दुकान के भीतर काउंटर तोड़ दिए और सामान फेंकना शुरू कर दिया.
जो भी सामने आया, उसे ही पीटा
दुकानदार ने जब इस गुंडागर्दी का विरोध किया तो कांस्टेबल अजीत पूरी तरह बेकाबू हो गया और उसने दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी. नशा इतना ज्यादा हावी था कि वह दुकान से बाहर निकलकर सड़क पर आ गया. सड़क पर चलते-फिरते राहगीरों में से जो भी उसके सामने आया, उसने बिना वजह उन्हें भी बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. वहां मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें साफ दिख रहा है कि कांस्टेबल किस तरह रास्ते चलते लोगों को मार रहा है.
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन के आलाधिकारियों ने जांच की बात कही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आरोपी के खिलाफ प्रिवेंटिव और क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और उनके व्यवहार पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT


