कुलदीप जघीना हत्याकांड: 3 इनामी बदमाश सरेंडर करने थाने पहुंचे लेकिन फिर भी नहीं पहचान पाई पुलिस

Suresh Foujdar

• 03:03 PM • 20 Jul 2023

Gangster Kuldeep Jaghina Murder Case: राजस्थान (Rajasthan News) के भरतपुर में पुलिस सुरक्षा के बीच दिनदहाड़े गैंगस्टर कुलदीप जघीना की हत्या करके बदमाश फरार हो गए थे. इसके बाद पुलिस की कई टीमें हत्याकांड के 4 मुख्य आरोपियों की तलाश में देश के कई राज्यों में भटक रही थी. लेकिन हैरानी की बात ये है […]

कुलदीप जघीना हत्याकांड: 3 इनामी बदमाश सरेंडर करने थाने पहुंचे लेकिन फिर भी नहीं पहचान पाई पुलिस
कुलदीप जघीना हत्याकांड: 3 इनामी बदमाश सरेंडर करने थाने पहुंचे लेकिन फिर भी नहीं पहचान पाई पुलिस
Google CTA

Gangster Kuldeep Jaghina Murder Case: राजस्थान (Rajasthan News) के भरतपुर में पुलिस सुरक्षा के बीच दिनदहाड़े गैंगस्टर कुलदीप जघीना की हत्या करके बदमाश फरार हो गए थे. इसके बाद पुलिस की कई टीमें हत्याकांड के 4 मुख्य आरोपियों की तलाश में देश के कई राज्यों में भटक रही थी. लेकिन हैरानी की बात ये है कि गुरुवार को इनमें से 3 बदमाश खुद ही थाने में सरेंडर करने पहुंच गए, फिर भी पुलिस उन्हें पहचान नहीं पाई.

Read more!

दरअसल, भरतपुर पुलिस ने हत्याकांड के चार मुख्य आरोपी रॉबिन, पंकज, लोकेंद्र और देवेंद्र की गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. इनमें से तीन आरोपी लोकेन्द्र सिंह, पंकज सिंह और देवेंद्र सिंह ने गुरुवार को थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. मगर चौथा आरोपी रोबिन सिंह अभी भी फरार है.

थानाधिकारी के ऑफिस में जाकर कुर्सियों पर बैठ गए बदमाश
पुलिस की कई टीमें चारों इनामी बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए कई राज्यों में भटक रही थी. मगर उनमें से 3 बदमाश बाजार में घूमते हुए डीग कोतवाली सरेंडर करने के लिए पहुंच गए. वहां जाकर वे चुपचाप थानाधिकारी के ऑफिस में आराम से कुर्सियों पर बैठ गए जहां एसी चल रही थी. इसके बाद बदमाशों ने पुलिसकर्मियों को अपना नाम बताते हुए कहा कि हम सरेंडर करने आए हैं. खास बात तो यह है कि एक तरफ तो पुलिस उनकी तलाश कर रही थी लेकिन जब यह बदमाश खुद ही थाने पहुंच गए तो पुलिस उनको पहचान नहीं पाई.

बदमाशों का सरेंडर पूर्व प्रायोजित: एसपी
भरतपुर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि कुलदीप जघीना की हत्या के 3 मुख्य आरोपियों ने गुरुवार को पुलिस के दबाव के चलते थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया. गिरफ्तार बदमाशों की पूछताछ में बहुत कुछ सामने आया है और पता लगा है कि कुछ अन्य लोग भी थे जो प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से इस मामले में शामिल थे. यह बात सही है कि इन लोगों ने जिस तरह से थाने में आकर सरेंडर किया है वह पूर्व प्रायोजित होगा. इस मामले की भी जांच की जाएगी.

पुलिस की आंखों में मिर्च फेंककर दिया था वारदात को अंजाम
12 जुलाई को पुलिस गैंगस्टर कुलदीप जघीना को रोडवेज बस से भरतपुर कोर्ट में पेशी के लिए लेकर जा रही थी. तभी अचानक आए बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया और फिर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर गैंगस्टर की हत्या कर दी.

बदमाशों ने किए थे करीब 15 राउंड फायर
बदमाशों ने गैंगस्टर कुलदीप पर करीब 15 राउंड फायर किए थे जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गैंगस्टर कुलदीप का साथी विजयपाल बच गया. वहीं बस के अंदर उस समय सवारियां भी मौजूद थी जिससे वारदात के दौरान हड़कंप मच गया था. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ज्यादातर लोग अपनी जान बचाने के लिए सीट के नीचे छुप गए थे.

परिजनों ने पुलिस को दी थी चेतावनी
हथियारों से लैस 6 पुलिसकर्मियों के बीच बदमाश फायरिंग कर कुलदीप जघीना की हत्या कर फरार हो गए. इससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे थे. गैंगस्टर कुलदीप जघीना के परिजनों ने पुलिस को चेतावनी दी थी कि यदि आरोपी जल्द ही गिरफ्तार नहीं हुए तो परिजन जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धरना शुरू करेंगे.

घटना का CCTV फुटेज भी हुआ था वायरल
हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह से सभी बदमाश बेखौफ होकर राजस्थान रोडवेज की बस के अंदर घुस जाते हैं. इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए पुलिस सुरक्षा के बीच कुलदीप जघीना की हत्या कर फरार हो जाते हैं.

यह भी पढ़ें: जयपुर: SMS हॉस्पिटल में महिला केयरटेकर से मरीज ने की घिनौनी हरकत, करवाने आया था मोटापे का इलाज