राजस्थान की राजधानी जयपुर के पॉश इलाके के 22 गोदाम सर्किल पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला ने बीच सड़क पर जमकर उत्पाद मचाया. मामूली सी बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि युवती ने कानून को ताक पर रखकर एक युवक की बुलेट बाइक में पत्थर और हेलमेट से तोड़फोड़ शुरू कर दी. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
मामूली टक्कर और फिर 'अखाड़ा' बनी सड़क
जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत एक रैपिडो बाइक और बुलेट बाइक के बीच हुई हल्की सी टक्कर से हुई. टक्कर इतनी मामूली थी कि रैपिडो चालक ने कोई विरोध नहीं किया, लेकिन उसके पीछे बैठी युवती आपा खो बैठी. देखते ही देखते युवती ने सड़क को अखाड़ा बना दिया और बुलेट सवार युवक पर हेलमेट से हमला करने की कोशिश की.
हाथ में ईंट लेकर की बाइक में तोड़फोड़
गुस्से में बेकाबू युवती यहीं नहीं रुकी. उसने सड़क किनारे से पत्थर और ईंट उठाई और सरेआम बुलेट बाइक पर बरसाना शुरू कर दिया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बुलेट सवार युवक लगातार गुहार लगाता रहा कि उसकी गाड़ी तोड़ी जा रही है, लेकिन युवती बिना किसी डर के बाइक को नुकसान पहुंचाती रही. वह चिल्लाते हुए कह रही थी कि उसे किसी का डर नहीं है और पुलिस भी उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती.
तमाशबीन बनी रही पुलिस?
हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय वहां ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी मौजूद थे. पीड़ित युवक बार-बार पुलिस से मदद मांगता रहा और कहता रहा, "सर समझाओ इनको, मेरी गाड़ी तोड़ रही है ये," लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने नजर आए. युवती खुलेआम पुलिस के सामने चुनौती देती रही कि "बुला लो, मेरा कोई फर्क नहीं पड़ता".
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
अब इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग राजस्थान पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं. लोग पूछ रहे हैं कि क्या शहर में कानून का डर खत्म हो गया है? क्या सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की गुंडागर्दी करने वाली युवती के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी?
ये भी पढ़ें: सवाई माधोपुर में खौफनाक वारदात! 8 लाख के लेनदेन में प्रेमी को घर बुलाकर जिंदा जलाया? मरने से पहले लोकेश ने खोला राज
ADVERTISEMENT


