राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं. उन्होंने एक आजतक के पंचायत कार्यक्रम में कहा कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है, तो भारत पाकिस्तान के साथ खड़ा होगा, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी देश है. उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने सवाल उठाए हैं. कांग्रेस ने बीजेपी से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.
ADVERTISEMENT
मदन राठौड़ ने क्या कहा?
मदन राठौड़ ने गुरुवार को जयपुर में आयोजित 'आजतक पंचायत राजस्थान' कार्यक्रम के दौरान कहा कि सभी लोगों को इस बात को समझने की जरूरत है. अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है, तो भारत पाकिस्तान के साथ खड़ा होगा, क्योंकि वह पड़ोसी देश है.
उन्होंने आगे कहा कि जब आपस में किसी मुद्दे की बात आती है, तो भारत के साथ खड़ा होना चाहिए. उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया. इसके बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया.
कांग्रेस ने बीजेपी से मांगा जवाब
वहीं कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, BJP का पाकिस्तान प्रेम फिर सामने आया, राजस्थान BJP के अध्यक्ष मदन राठौड़ का कहना है - "अगर अमेरिका-पाकिस्तान में युद्ध होता है, तो हम पाकिस्तान के साथ हैं."जी हां, BJP उसी पाकिस्तान का साथ देगी, जिसने भारत के नागरिकों की हत्या करवाई. BJP वालों की रग-रग में देशद्रोह भरा है."
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने मदन राठौड़ के बयान की आलोचना की. उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवादी देश बताते हुए कहा कि वहां से भारत के सैनिकों और आम लोगों पर हमलों का खतरा रहा है.
शमा मोहम्मद ने सवाल उठाया कि अगर बीजेपी मदन राठौड़ के बयान से सहमत नहीं है, तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर भी सवाल किए.
कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक संदीप गुप्ता ने भी सोशल मीडिया पर राठौड़ के बयान की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि इस बयान से पाकिस्तान को लेकर बीजेपी का रुख सामने आता है.
AAP नेताओं ने भी जताया विरोध
मदन राठौड़ के बयान पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी. पार्टी नेताओं ने उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया.
दिल्ली इकाई से जुड़े AAP युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष रमेश मटियाला और पार्टी नेता विनय महाबल मिश्रा ने वीडियो पोस्ट किया. वहीं, AAP उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष राम गुप्ता ने भी बयान की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और पाकिस्तान की विचारधारा में समानता है.
सोशल मीडिया पर भी उठे सवाल
मदन राठौड़ के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नाराजगी जताई. विवाद की मुख्य वजह उनका यह कहना रहा कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होने पर भारत पाकिस्तान के साथ खड़ा होगा. कांग्रेस और AAP नेताओं ने इस बयान को लेकर बीजेपी पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग भी की है. हालांकि, इस मामले में बीजेपी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
ADVERTISEMENT


