पायलट साहब अपना घर संभालें... पंचायती राज चुनावों के बीच मदन राठौड़ का सचिन पायलट पर तीखा पलटवार

दिनेश बोहरा

16 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 16 2026 2:45 PM)

राजस्थान पंचायती राज चुनावों के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सचिन पायलट और कांग्रेस पर जोरदार पलटवार करते हुए उनके आरोपों को खारिज किया है.

मदन राठौड़
मदन राठौड़
Google CTA

राजस्थान में पंचायती राज चुनाव और नामांकन वापसी के आखिरी दिन सियासी पारा चढ़ गया है. इसी बीच, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता सचिन पायलट और प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है. राठौड़ ने सचिन पायलट के उस तंज का करारा जवाब दिया है जिसमें पायलट ने बीजेपी पर निशाना साधा था.

Read more!

सचिन पायलट के तंज पर राठौड़ की दो टूक

हाल ही में सचिन पायलट ने तंज कसते हुए कहा था कि एक मंत्री के बेटे को इसलिए निर्दलीय मैदान में उतरना पड़ा क्योंकि उन्हें डर था कि ग्रामीण इलाकों में 'कमल के फूल' के निशान पर चुनाव लड़ने पर हार का सामना करना पड़ेगा.

इस पर पलटवार करते हुए मदन राठौड़ ने कहा, "पायलट साहब पहले अपना घर संभालें. यह लोकतंत्र है और लोकतंत्र में सभी को मौलिक अधिकार प्राप्त हैं. पिता और पुत्र की वैचारिक सोच में भी अंतर हो सकता है. अगर किसी ने निर्दलीय पर्चा भरा है, तो इसमें कोई बड़ी बात नहीं है." उन्होंने आगे दावा किया कि बीजेपी ने किसी भी सीट को नहीं छोड़ा है, बल्कि सभी वार्डों और क्षेत्रों में पार्टी के उम्मीदवार मैदान में हैं और पार्टी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी.

कांग्रेस पर साधा निशाना- 'खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे'

कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे टिकट खरीद-फरोख्त और पार्षदों/निर्दलियों को धमकाने के आरोपों पर मदन राठौड़ ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब कुछ नहीं कर पा रही है, इसलिए वह बीजेपी पर बेबुनियाद आरोप मढ़ रही है. राठौड़ ने कांग्रेस के बयानों पर तंज कसते हुए कहा, "कांग्रेस की हालत 'खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे' जैसी हो गई है."

मतदान की गोपनीयता का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि गुप्त मतदान में कोई किसी को दबाव में नहीं ला सकता, क्योंकि हर मतदाता पर्दे के पीछे जाकर अपने विवेक से मतदान करता है.

ग्रामीण इलाकों में 'ट्रिपल इंजन' सरकार का दावा

पंचायती राज चुनावों को लेकर बीजेपी पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रही है. मदन राठौड़ ने पूर्ण विश्वास जताया कि इन चुनावों में ग्रामीण इलाकों में जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है और प्रदेश में 'ट्रिपल इंजन' की सरकार बनने जा रही है.

ये भी पढ़ें: 'हम पाक के साथ...', राजस्थान BJP प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर बवाल