राजनीतिक परिवार मेंराजस्थान में इन दिनों सियासी और सामाजिक दोनों तरह की गर्मी चरम पर है. एक तरफ पारा 40 डिग्री के पार जा रहा है, तो दूसरी तरफ जोधपुर से एक ऐसी खबर आई है जिसने चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है. पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह जसोल के बेटे और पूर्व विधायक मानवेंद्र सिंह जसोल से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
बताया जा रहा है कि वीडियो जोधपुर के पावटा इलाके में स्थित उनके पैतृक घर का है. वीडियो में मानवेंद्र सिंह घर के बाहर खड़े दिखाई देते हैं और गेट खोलने की बात कहते नजर आते हैं. लेकिन अंदर मौजूद उनकी 90 वर्षीय मां शीतल कंवर उन्हें घर के भीतर आने की अनुमति नहीं देतीं.
गेट के अंदर मां, बाहर खड़े बेटे
मौके पर जो दृश्य दिखाई दिया वह काफी भावुक और हैरान करने वाला था. घर के अंदर जसवंत सिंह की पत्नी शीतल कंवर खड़ी थीं, जबकि बाहर उनके बेटे मानवेंद्र सिंह मौजूद थे. मानवेंद्र सिंह के साथ पुलिस भी नजर आ रही है.
जानकारी के अनुसार, मानवेंद्र सिंह बार-बार कह रहे थे कि वे केवल अपने कपड़े लेने के लिए घर आए हैं, लेकिन उनकी मां ने साफ तौर पर उन्हें अंदर आने से मना कर दिया. इस दौरान पास में उनका बेटा हमीर सिंह भी मौजूद बताया जा रहा है. पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हो गया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
पुलिस के साथ पहुंचे थे घर
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह मानवेंद्र सिंह पुलिस के साथ अपने घर पहुंचे थे. उसी समय यह पूरा घटनाक्रम हुआ. वीडियो सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया और लोगों के बीच कई तरह की अटकलें शुरू हो गईं.
वीडियो देखिए
विवाद की वजह को लेकर कई दावे
इस विवाद के पीछे असली कारण क्या है, यह अभी साफ नहीं हो पाया है. हालांकि सोशल मीडिया पर एक कथित सूचना पत्र वायरल हो रहा है. इसमें दावा किया जा रहा है कि मानवेंद्र सिंह किसी अन्य महिला के साथ रिश्ते में हैं और उनसे शादी भी कर चुके हैं.
कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा जा रहा है कि यह रिश्ता राजपूत समाज से बाहर की महिला के साथ बताया जा रहा है, जिसे लेकर परिवार में असहमति है. हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
जब इस मामले में मानवेंद्र सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने इस विषय पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
वायरल पत्र देखिए
पहले भी हो चुकी है कहासुनी
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले मानवेंद्र सिंह अपने बेटे हमीर सिंह के रिसेप्शन में कथित तौर पर अपनी दूसरी पत्नी के साथ पहुंचे थे. वहां परिवार के कुछ सदस्यों के साथ उनकी तीखी बहस भी होने की चर्चा है.
इसके अलावा यह भी कहा जा रहा है कि होली के दौरान परिवार के भीतर बड़ा विवाद हुआ था, जिसके बाद मानवेंद्र सिंह को घर से बाहर जाना पड़ा. हालांकि इन घटनाओं की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पत्नी की मौत के बाद चर्चा में आए थे मानवेंद्र
मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह की कुछ समय पहले एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी. उस हादसे में मानवेंद्र सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए थे.
हादसे के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर वे उस स्थान पर भी गए थे जहां उनकी पत्नी का अंतिम संस्कार हुआ था. बाद में उन्होंने वैलेंटाइन डे के मौके पर अपनी पत्नी के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी. उस पोस्ट में उन्होंने अपनी भावनाएं सार्वजनिक रूप से व्यक्त की थीं. पत्नी की दूसरी पुण्यतिथि पर भी उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी थी.
अब कई सवाल खड़े
अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर परिवार में ऐसा क्या हुआ जिससे मां और बेटे के रिश्ते में इतनी दूरी आ गई. क्या यह केवल पारिवारिक विवाद है या इसके पीछे सामाजिक और परंपरागत कारण भी जुड़े हैं, इस पर भी चर्चा हो रही है.
फिलहाल सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर कई तरह की खबरें और दावे सामने आ रहे हैं. लेकिन वास्तविक स्थिति क्या है, यह तभी साफ होगा जब परिवार का कोई सदस्य सामने आकर इस विवाद पर खुलकर बयान देगा.
ADVERTISEMENT

