शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित केंद्रीय कैबिनेट बैठक में राजस्थान में 9 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने को मंजूरी दी गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली इस बैठक में कुल 85 नए केंद्रीय विद्यालय और 28 नए नवोदय विद्यालय खोलने का फैसला लिया गया. केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालयों की स्थापना के लिए कैबिनेट ने 8232 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दी है.
ADVERTISEMENT
राजस्थान में जिन 7 जिलों को नए केंद्रीय विद्यालय मिलेंगे, उनमें राजसमंद और श्रीगंगानगर को 2-2 विद्यालय आवंटित किए गए हैं. श्रीगंगानगर में यह विद्यालय सतराना और श्रीकरणपुर में खुलेंगे, जबकि राजसमंद में राजसमंद शहर और भीम में इनका उद्घाटन होगा. इसके अलावा, जोधपुर के फलोदी, करौली के हिंडौन सिटी, नागौर के मेरता, अलवर के राजगढ़ और दौसा के महवा में भी नए केंद्रीय विद्यालय स्थापित किए जाएंगे. इन विद्यालयों में कुल 8,640 विद्यार्थियों का नामांकन होगा और इन्हें पीएम श्री विद्यालयों के रूप में भी मान्यता प्राप्त होगी.
इन 9 स्कूलों को मिली मंजूरी
- जोधपुर: फलोदी
- करौली: हिंडौन सिटी
- नागौर: मेड़ता
- अलवर: राजगढ़
- दौसा: महवा
- श्रीगंगानगर: BSF सतराणा और BSF श्रीकरणपुर
- राजसमंद: राजसमंद और भीम
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश भर में 85 नए केंद्रीय विद्यालय और 28 नवोदय विद्यालय खोलने की मंजूरी दी गई है. इससे लगभग 82 हजार छात्रों को सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिलने का अवसर प्राप्त होगा. 2025-26 तक इन विद्यालयों की स्थापना पर कुल 5,872.08 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है. वर्तमान में देश में 1,256 केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं.
ADVERTISEMENT


