Mood of the Nation Survey: राजस्थान में आज चुनाव हुए तो किसकी बनेगी सरकार? जानें भजनलाल शर्मा और सचिन पायलट का हाल

न्यूज तक डेस्क

• 10:14 AM • 28 Aug 2026

इंडिया टुडे C-वोटर 'मूड ऑफ द नेशन' सर्वे के अनुसार, राजस्थान में आज चुनाव होने पर बीजेपी को 16 सीटें मिलने का अनुमान है, जो 2024 से 2 सीटें अधिक हैं. कांग्रेस 9 सीटों पर कायम है.

Mood of the Nation Survey
Mood of the Nation Survey
Google CTA

देश में सियासी मिजाज का आकलन करने वाले ‘इंडिया टुडे सी-वोटर मूड ऑफ द नेशन’ (Mood of the Nation) सर्वे के ताजा आंकड़ों ने राजस्थान की राजनीति में सरगर्मी बढ़ा दी है. अगर आज देश या राज्य में चुनाव हो जाएं, तो राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) बढ़त बनाती दिख रही है.

Read more!

राजस्थान में बीजेपी को बढ़त, कांग्रेस को खास फायदा नहीं

सर्वे के नतीजों के मुताबिक, 2024 के लोकसभा चुनाव नतीजों की तुलना में बीजेपी की स्थिति बेहतर होती नजर आ रही है. अगर आज चुनाव होते हैं, तो बीजेपी को राज्य की 25 लोकसभा सीटों में से 16 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है. 2024 के आम चुनाव में बीजेपी को 14 सीटें मिली थीं, यानी पार्टी को 2 सीटों का सीधा फायदा होता दिख रहा है. वहीं, वोट शेयर के मामले में भी बीजेपी को 1% से ज्यादा का फायदा मिलता नजर आ रहा है.

दूसरी ओर, कांग्रेस के खाते में 9 सीटें जाती दिख रही हैं, जो 2024 के चुनाव में भी 9 ही थीं. सर्वे के आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस को न तो बहुत फायदा हो रहा है और न ही नुकसान.

गांधी परिवार से बाहर सचिन पायलट पर सबसे ज्यादा भरोसा

राष्ट्रीय स्तर पर भले ही राहुल गांधी की लोकप्रियता में इजाफा देखा गया हो, लेकिन कांग्रेस को लीड करने के मामले में पार्टी के भीतर अन्य नेताओं की स्थिति दिलचस्प है. सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, गांधी परिवार के बाहर पूरे देश में सचिन पायलट कांग्रेस के तीसरे सबसे भरोसेमंद चेहरे के रूप में उभरे हैं. 7 फीसदी लोग मानते हैं कि सचिन पायलट कांग्रेस पार्टी को बेहतर तरीके से लीड कर सकते हैं.

राजस्थान कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर नई बहस

एक तरफ जहां सर्वे में बीजेपी सरकार मजबूत स्थिति में दिख रही है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस में अभी से भावी मुख्यमंत्री पद को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के एक हालिया बयान से नई बहस छिड़ गई है, जिसमें उन्होंने कहा कि "सत्ता बदलेगी तो कुर्सियां भी बदलेंगी." उनके इस बयान के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं कि कांग्रेस में अगली बार चेहरा बदलने की आहट शुरू हो चुकी है.

इसके अलावा, प्रदेश में एसओजी (SOG) द्वारा पिछली भर्ती परीक्षाओं (जैसे 2018 महिला सुपरवाइजर भर्ती) में हुए ओएमआर (OMR) शीट फर्जीवाड़े के खुलासे और निकाय चुनाव के लिए टिकट बंटवारे को लेकर दोनों प्रमुख दलों में घमासान जारी है.