MP Weather: मध्य प्रदेश में 22 नवंबर को 13 जिलों में बारिश का अलर्ट, 30-40 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

• 04:41 PM • 21 Nov 2026

मध्य प्रदेश में 22 नवंबर को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. रीवा, सतना, शहडोल समेत 13 जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. अगले दो दिनों में तापमान 2 डिग्री तक बढ़ सकता है.

NewsTak
Google CTA

मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदला हुआ नजर आ सकता है. नवंबर के आखिरी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड का असर बढ़ रहा है. वहीं, कुछ जिलों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, 22 नवंबर को प्रदेश के पूर्वी हिस्से के कुछ जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.

Read more!

हालांकि, प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. ऐसे में एक तरफ पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है, तो दूसरी तरफ बाकी हिस्सों में ठंड और धुंध का असर देखने को मिलेगा.

इन जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग, भोपाल की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 22 नवंबर को प्रदेश के 13 जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इन जिलों में सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर शामिल हैं. इन इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है.

बाकी जिलों में कैसा रहेगा मौसम?

प्रदेश के बाकी जिलों में 22 नवंबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. यानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि, मौसम में बदलाव के बीच सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रह सकता है. भोपाल और आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहने के साथ धुंध छाए रहने का अनुमान है.

भोपाल में 27 डिग्री तक पहुंचेगा अधिकतम तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी भोपाल में 22 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. यहां हवा की औसत रफ्तार 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है. आसमान साफ रहने के बावजूद धुंध छाई रह सकती है.

किस जिले में कितना रहा तापमान?

मौसम विभाग की 21 नवंबर को सुबह 8:30 बजे तक दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान गिरवर (शाजापुर) में 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद बैतूल में 9.2 डिग्री और मनासा के पास मारुखेड़ा (नीमच), भोपाल और नौगांव (छतरपुर) में 10.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.

रायसेन में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री और धार में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, सबसे अधिक न्यूनतम तापमान बालाघाट जिले के पाला में 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा. उमरिया में 19.3 डिग्री, मंडला में 18.9 डिग्री, मलाजखंड (बालाघाट) में 18.6 डिग्री और करौंदी (कटनी) में 18.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.

अधिकतम तापमान की बात करें तो नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा. यहां अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. खरगोन में 29.6 डिग्री, नरसिंहपुर में 29.2 डिग्री, खंडवा में 29.1 डिग्री और छिंदवाड़ा व मंडला में 29 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.

वहीं, सबसे कम अधिकतम तापमान अमरकंटक (अनूपपुर) में 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मलाजखंड (बालाघाट) में 24 डिग्री, पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 24.6 डिग्री, कल्याणपुर (शहडोल) में 24.8 डिग्री और गिरवर (शाजापुर) में 25.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद तापमान में गिरावट आने का अनुमान है. ऐसे में नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड का असर फिर बढ़ सकता है.