राजस्थान के नागौर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पादु कलां थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय नाथी देवी की बेरहमी से हत्या कर दी गई. अपराधियों ने हत्या के बाद उनकी पहचान छुपाने के लिए सिर और पैरों के पंजे तक काट दिए. इतना ही नहीं, करीब 7 लाख रुपये के जेवर लूटकर शव को प्लास्टिक के कट्टे में भरकर झाड़ियों में फेंक दिया.
ADVERTISEMENT
कैसे सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, पालड़ी गांव की रहने वाली नाथी देवी रविवार सुबह करीब 11 बजे घर से बाजार जाने के लिए निकली थीं. शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की लेकिन पूरी रात कोई सुराग नहीं मिला.
सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे पंचरडा गांव के पास कांकड़ क्षेत्र में एक चरवाहे को झाड़ियों में एक संदिग्ध कट्टा दिखाई दिया. जब उसने पास जाकर देखा तो अंदर महिला का क्षत-विक्षत शव मिला. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
शव की हालत ने बढ़ाई सनसनी
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दृश्य बेहद भयानक था. शव का सिर और पैरों के पंजे गायब थे. शरीर से सभी आभूषण भी गायब थे. पोस्टमॉर्टम में भी शरीर के अंग कटे होने की पुष्टि हुई.
लूट के लिए हत्या की आशंका
परिवार के अनुसार, नाथी देवी सोने-चांदी के कई जेवर पहने हुए थीं, जिनकी कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है. इनमें सोने की टुस्सी, झूमके, चांदी के कड़ले और कंदोरा शामिल थे. घटना के बाद सभी जेवर गायब मिले, जिससे लूट की आशंका जताई जा रही है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका का परिवार पहले से आर्थिक तंगी से जूझ रहा है. परिवार के पुरुष सदस्यों के निधन के बाद घर की जिम्मेदारी युवाओं पर है, जो मजदूरी करके गुजारा करते हैं. इस घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है.
जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने बताया कि मामला सिर्फ लूट का नहीं लग रहा. जिस तरह से शव के अंग काटे गए हैं, उससे किसी बड़ी साजिश की आशंका भी जताई जा रही है.
100 पुलिसकर्मियों की टीम गठित की
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) रोशन मीणा ने 100 पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम गठित की है. पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और इलाके के मोबाइल टावर डंप व कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाली जा रही हैं. कटे हुए अंगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है.
इस घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
ADVERTISEMENT


