नागौर के पटाखा गोदाम में भीषण धमाका, दो सगे भाइयों की मौत से मचा कोहराम! 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी आवाज

केशा राम गढ़वार

• 04:18 PM • 05 Nov 2026

Nagaur Explosion News: राजस्थान के नागौर के बरड़ी इलाके में पटाखा गोदाम में हुए भीषण धमाके से दो सगे भाइयों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. धमाके की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है. FSL और MOB की टीमें विस्फोट के कारणों की जांच कर रही हैं.

Nagaur Firecracker Godown Blast
Nagaur Firecracker Godown Blast
Google CTA

राजस्थान के नागौर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरड़ी इलाके में एक पटाखा गोदाम में सुबह-सुबह एक भीषण हादसा हुआ. इस भयानक विस्फोट के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुब्बार छा गया और भारी हड़कंप मच गया. धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के घरों के दरवाजे और खिड़कियों के साथ-साथ कच्चे मकानों की पट्टियों में भी दरारें आ गईं.

Read more!

दो सगे भाइयों की मौत और घायलों का हाल

इस दर्दनाक हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि विस्फोट की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, और ये दोनों मृतक आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं. इस घटना के बाद दोनों परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं. हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. मृतकों के शवों को नागौर के राजकीय पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है.

पोटेशियम नाइट्रेट, शॉर्ट सर्किट और अवैध संचालन के आरोप

प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय पार्षदों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गोदाम के पास पटाखों का लाइसेंस तो था, लेकिन वहां पोटेशियम नाइट्रेट और विस्फोटक सामग्री का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा था. नागौर के सीओ जतिन जैन ने बताया कि प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण चिंगारी निकलने से यह धमाका होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि एफएसएल (FSL) और एमओबी की टीमों को जांच के लिए बुलाया गया है ताकि असल कारणों का खुलासा हो सके. दूसरी ओर, स्थानीय निवासियों और पार्षदों ने घनी आबादी के बीच अवैध रूप से लंबे समय से चल रहे इस काम को लेकर भारी आक्रोश व्यक्त किया है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

प्रशासनिक अमला और नेताओं की प्रतिक्रिया

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त जिला कलेक्टर, तहसीलदार और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. स्थानीय सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने भी इस भयंकर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने फोन पर प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर घायलों को बेहतर उपचार देने और स्थिति पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं.

राजस्थान हाईकोर्ट की वेबसाइट में सेंधमारी! एक नहीं बल्कि तीन फर्जी जमानत आदेश अपलोड, न्यायिक महकमे में मचा हड़कंप