राजस्थान में NEET पेपर लीक के तार अब जमवारामगढ़ के दो सगे भाइयों मांगीलाल और दिनेश बिंवाल से जुड़ रहे हैं. सीबीआई ने इन दोनों भाइयों और मांगीलाल के एमबीबीएस कर रहे बेटे विकास को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि यह परिवार लंबे समय से पेपर लीक रैकेट का हिस्सा रहा है. जब Rajasthan Tak के संवाददाता शरत कुमार इनके घर पहुंचे तो वहां का नजारा कुछ और ही कहानी बयां कर रहा था.
ADVERTISEMENT
एक साथ 5 बच्चों का सिलेक्शन और सोशल मीडिया पोस्ट
दिनेश बिंवाल ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की थी कि उनके परिवार के 5 बच्चों का सिलेक्शन एक साथ सरकारी मेडिकल कॉलेज में हुआ है. सीबीआई को संदेह है कि यह महज इत्तेफाक नहीं, बल्कि एक सुनियोजित रैकेट का परिणाम है.
हैरानी की बात यह है कि घर की महिलाएं दावा कर रही हैं कि उन्होंने 'बकरियां चराकर' बच्चों को पढ़ाया है, लेकिन घर के बाहर खड़ी लग्जरी गाड़ियां और आलीशान फार्म हाउस कुछ और ही हकीकत दिखा रहे हैं.
'बड़े लोगों को क्यों नहीं पकड़ते?' परिजनों के सवाल
जब Rajasthan Tak की टीम ने परिजनों से बात की तो उन्होंने आरोपों को गलत बताया. उनका कहना है कि अगर उनके बच्चे पेपर चोर होते, तो वे बकरियां क्यों चराते?.
हालांकि, सीबीआई की जांच में सामने आया है कि इस परिवार की संपत्तियां उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं अधिक हैं. अब सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि इस सिंडिकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं.
ADVERTISEMENT


