NEET Paper Leak 2026: NEET (UG) 2026 परीक्षा में हुई धांधली ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है. Rajasthan Tak की पड़ताल में सामने आया है कि सीकर की गलियों में यह पेपर 'रेवड़ियों' की तरह बांटा गया. जांच में एक 'सीकर मॉडल' का भी पता चला है, जहां गेस पेपर के नाम पर असली प्रश्न पहले ही लीक कर दिए जाते थे. इस बार बायोलॉजी के सभी 90 और केमिस्ट्री के सभी 45 प्रश्न लीक होने का दावा किया जा रहा है .
ADVERTISEMENT
'छोटी मछलियां' फंसी, मगर 'मगरमच्छ' कौन?
सीबीआई की पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी दिनेश ने साफ तौर पर कहा कि वे तो सिर्फ 'छोटी मछलियां' हैं, असली खेल तो बड़े लोगों ने खेला है. दिनेश की पत्नी रजनी और मांगीलाल की पत्नी संजू ने भी यही दोहराया कि उनके पति केवल मोहरे हैं. सवाल यह उठता है कि क्या रसूखदारों को बचाने के लिए जांच की दिशा को राजस्थान से हटाकर महाराष्ट्र (नासिक) की तरफ मोड़ा जा रहा है?.
नाकाबिल बेटे को डॉक्टर बनाने की जिद
मामले की सबसे हैरान करने वाली बात आरोपी दिनेश के बेटे ऋषि से जुड़ी है. दिनेश उसे डॉक्टर बनाना चाहता था, जिसके लिए उसने पेपर का इंतजाम किया. लेकिन ऋषि इतना नाकाबिल निकला कि 10वीं में महज 43% अंक लाने वाला यह छात्र, 600 नंबर के सवाल हाथ में होने के बावजूद केवल 107 नंबर ही हल कर पाया.
NTA के अंदर 'भेदिया' होने का शक
सीबीआई ने एनटीए (NTA) के दफ्तर में छापेमारी कर हार्ड डिस्क और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं. जांच एजेंसी का मानना है कि बिना विभाग के किसी 'भेदी' के यह पता लगाना मुमकिन नहीं था कि पेपर कहां छप रहे हैं और उनकी कोडिंग क्या है.
ADVERTISEMENT


