राजस्थान के बाड़मेर जिले के पचपदरा में स्थित एचपीसीएल (HPCL) रिफाइनरी से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. रिफाइनरी परिसर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. यह हादसा इसलिए भी गंभीर है क्योंकि कल ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रिफाइनरी की सीडीयू (CDU) यूनिट का उद्घाटन करने वाले हैं.
ADVERTISEMENT
आग से रिफाइनरी में मची दहशत
आग रिफाइनरी के एक हिस्से में लगी जहां से काले धुएं का गुबार उठता देखा गया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं. मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और फायर सिस्टम की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिशें तुरंत शुरू कर दी गईं. मजदूरों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रिफाइनरी के फायर टेंडर मौके पर तैनात किए गए.
पीएम मोदी का होने वाला है दौरा
रिफाइनरी में यह आग उस वक्त लगी है जब कल (मंगलवार) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यहां दौरा प्रस्तावित है. पीएम मोदी यहां रिफाइनरी की महत्वपूर्ण सीडीयू (Crude Distillation Unit) यूनिट का उद्घाटन करने और कार्यों की समीक्षा करने वाले हैं. उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले हुए इस हादसे ने सुरक्षा और प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जांच में जुटा प्रशासन
आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो पाया है. शुरुआती तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खामी से जोड़कर देखा जा रहा है. प्रशासन और रिफाइनरी प्रबंधन आग से हुए नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं. हालांकि, राहत की बात यह है कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई है.
ADVERTISEMENT


