पाली में मॉब लिंचिंग! 'बच्चा चोर' की अफवाह ने मां-बेटी को बनाया शिकार, गोंद बेचने आई महिला को भीड़ ने बेरहमी से पीटा

Pali mob lynching case: राजस्थान के पाली जिले में बच्चा चोर की अफवाह ने मॉब लिंचिंग जैसी खौफनाक घटना को जन्म दे दिया. सोजत के सिंचियावास गांव में गोंद बेचने आई मां-बेटी को भीड़ ने बच्चा चोरी गिरोह का सदस्य समझकर बेरहमी से पीट दिया. सोशल मीडिया पर फैली झूठी खबर ने सैकड़ों लोगों को उकसा दिया, जबकि मौके पर मौजूद लोग बचाने के बजाय वीडियो बनाते रहे. जानिए पूरी घटना.

Pali mob lynching case
Pali mob lynching case

भारत भूषण जोशी

follow google news

राजस्थान के पाली जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. सोजत इलाके के सिंचियावास गांव में 'बच्चा चोरी' की एक अफवाह ने एक मां और उसकी बेटी को मौत के मुहाने पर खड़ा कर दिया. स्मार्टफोन और सोशल मीडिया पर फैली एक झूठी खबर ने ऐसी भीड़ तैयार की, जिसने बिना सच्चाई जाने एक लाचार महिला पर लाठियों और डंडों से हमला कर दिया.

Read more!

गोंद बेचने आई थीं, मिलीं लाठियां

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला अपनी बेटी के साथ गांव में गोंद (Gond) बेचने आई थी. इसी दौरान गांव में किसी ने अफवाह फैला दी कि ये महिलाएं बच्चा चोरी करने वाले गिरोह की सदस्य हैं. यह मैसेज आग की तरह फैला और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई. भीड़ ने न तो महिला की दलील सुनी और न ही उसकी चीख-पुकार पर रहम खाया.

तमाशा देखती रही भीड़, बनाते रहे वीडियो

हैरानी की बात यह है कि जब महिला को बेरहमी से पीटा जा रहा था, तब वहां मौजूद लोग उसे बचाने के बजाय अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने में मशगूल थे. चीखती-बिलखती मां और बेटी को बचाने के लिए एक भी हाथ आगे नहीं बढ़ा. इस बर्बर हमले में महिला को गंभीर चोटें आई हैं और उसे पाली अस्पताल से उच्च चिकित्सा केंद्र (Higher Center) रेफर किया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है.

पुलिस की कार्रवाई

पाली पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है. अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि वीडियो के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही किसी भी अफवाह पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और कानून को अपने हाथ में न लें.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: बीकानेर: परीक्षा देने निकली 8वीं की छात्रा की बेरहमी से हत्या, अर्धनग्न हालत में झाड़ियों में मिली लाश; इलाके में भारी तनाव

    follow google news