पाली में अंधविश्वास की हद: शादी की मन्नत पूरी करने के लिए 11 साल के मासूम की 'नरबलि'

पाली के शिवपुरा में एक युवक ने अपनी शादी की मन्नत पूरी करने के लिए 11 वर्षीय मासूम धवन की तंत्र-मंत्र के चक्कर में 'नरबलि' दे दी. आरोपी ने मदरसे से लौट रहे बच्चे का अपहरण कर जंगल में गला रेत दिया.

pali
pali

भारत भूषण जोशी

follow google news

अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के चक्कर में इंसान किस कदर हैवान बन सकता है, इसका एक खौफनाक उदाहरण पाली जिले के सोजत उपखण्ड में देखने को मिला है. यहां के शिवपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी शादी होने की मन्नत पूरी करने के लिए पड़ोस में रहने वाले 11 साल के मासूम बच्चे धवन की बलि चढ़ा दी.

Read more!

मदरसे से लौटते समय किया अपहरण

ग्रामीणों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर को 11 वर्षीय धवन रोजाना की तरह गांव के मदरसे से पढ़ाई करके अपने घर लौट रहा था. तभी गांव के ही एक युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया. आरोपी ने बच्चे को बहलाया-फुसलाया और अपने साथ जंगल में बने एक तालाब की तरफ ले गया.

मुंह में कपड़ा ठूंसा, फिर रेता गला

जंगल में ले जाकर आरोपी ने सबसे पहले मासूम के हाथ-पैर बांध दिए, ताकि वह भाग न सके. इसके बाद उसने बच्चे के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया जिससे उसकी चीखें बाहर न आ सकें. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वहां पहले तांत्रिक पूजा-पाठ की और फिर एक धारदार हथियार से बेरहमी से बच्चे का गला काटकर उसकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर गांव लौट आया.

पकड़े जाने के डर से चली शातिर चाल

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए एक बेहद शातिर योजना बनाई. वह सीधा बच्चे के घर पहुंचा और उसके दादा से कहा कि धवन का शव तालाब के पास पड़ा है. यह सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को फोन करने लगे. पुलिस को सूचना मिलते ही आरोपी वहां से चुपके से फरार हो गया. जब पुलिस जांच करते हुए आरोपी के घर पहुंची तो वह गायब मिला, जिसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर शुक्रवार सुबह उसे दबोच लिया.

तालाब किनारे मिला पूजा का सामान

घटनास्थल पर पहुंची शिवपुरा और सोजत थाना पुलिस को तफ्तीश के दौरान शव के पास से एक टूटी हुई मटकी, खून से सनी लकड़ी और तंत्र-मंत्र से जुड़ा अन्य सामान मिला है. फॉरेंसिक (FSL) टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और पूरी जगह की वीडियोग्राफी करवाई है.

थानाधिकारी और मौलाना का बयान

शिवपुरा थाना अधिकारी (CI) भंवर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, "आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में यह पूरा मामला अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र से जुड़ा हुआ सामने आया है. आरोपी ने शादी की मन्नत के लिए ऐसा कदम उठाया. हम अब उस तांत्रिक की तलाश कर रहे हैं जिसके कहने पर यह नरबलि दी गई." वहीं गांव के मौलाना ने बताया कि बच्चा दोपहर में मदरसे से पढ़ाई पूरी करके सुरक्षित निकला था, लेकिन रास्ते में उसके साथ यह हादसा हो गया.

    follow google news