Pali Parking Viral Video: राजस्थान के पाली जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है. यहा रानी रेलवे स्टेशन पर पार्किंग की मामूली बात को लेकर पार्किंग कर्मियों ने इस कदर गुंडागर्दी दिखाई कि एक युवक को मार-मारकर लहूलुहान कर दिया. हैरानी की बात यह है कि जब यह युवक पिट रहा था और उसके साथ मौजूद महिला मदद के लिए चीख रही थी, तब आसपास मौजूद भीड़ तमाशबीन बनकर सब देख रही थी.
ADVERTISEMENT
महज सामान उतारने पर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने पार्किंग क्षेत्र में अपनी गाड़ी रोकी थी ताकि वे अपना सामान उतार सकें. सामान उतारने के दौरान ही पार्किंग के कर्मचारी वहां आ पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. पीड़ित ने आरोप लगाया कि पार्किंग कर्मियों ने गाड़ी को 'नो पार्किंग' में बताकर उस पर हमला करना शुरू कर दिया.
महिला के सामने ही युवक को लाठी-डंडों से पीटा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस खौफनाक वीडियो में देखा जा सकता है कि आधा दर्जन से अधिक लोग एक निहत्थे युवक पर लाठी और डंडों से हमला कर रहे हैं. युवक के साथ मौजूद महिला लगातार हमलावरों के आगे हाथ जोड़ती रही, उन्हें रोकती रही और मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन नशे में धुत बताए जा रहे इन पार्किंग कर्मियों का दिल नहीं पसीजा. पीड़ित महिला ने वीडियो में आरोप लगाया कि हमलावर नशे में थे और बेवजह उनकी गाड़ी के साथ तोड़फोड़ करने लगे.
"लोग देखते रहे, कोई बचाने नहीं आया"
घटना के दौरान सबसे दुखद पहलू यह रहा कि जहां यह मारपीट हो रही थी, वहां काफी संख्या में लोग मौजूद थे. लेकिन पार्किंग कर्मियों के डर से या संवेदनहीनता के चलते किसी ने भी उस युवक को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई. पीड़ित का कहना है कि उन्होंने सिर्फ सामान उतारा था, इसके बावजूद उन्हें इस कदर पीटा गया कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
ADVERTISEMENT


