देश में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सियासत गरमाई हुई है. कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने युवाओं का आभार जताते हुए कहा कि छात्रों की एकजुटता ने सरकार को झुकाने का काम किया है. उन्होंने साफ किया कि जब तक देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होता और पेपर लीक पर पूरी तरह रोक नहीं लगती, तब तक उनकी यह लड़ाई थमेगी नहीं.
ADVERTISEMENT
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने देश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं के संघर्ष और एकजुटता ने सरकार के रुख में बदलाव लाया है. उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं की ताकत ने सरकार को कदम उठाने पर मजबूर किया है.
डोटासरा ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक इस्तीफे तक सीमित नहीं है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का मानना है कि पूरे देश की शिक्षण व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत है. मकसद यह है कि किसी गरीब का बेटा या बेटी कर्ज के डर से आत्महत्या करने के लिए मजबूर न हो और अपने सपनों को नई ऊंचाई दे सके.
जब तक पेपर लीक रुकेगा नहीं, आंदोलन थमेगा नहीं
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब तक ऐसी व्यवस्था नहीं बन जाती, जहां छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ या पेपर लीक जैसी घटनाएं पूरी तरह से बंद न हों, तब तक कांग्रेस पार्टी और विपक्ष युवाओं के साथ मिलकर लड़ाई लड़ता रहेगा.
उन्होंने युवाओं को सचेत रहने की सलाह देते हुए कहा कि अभी लड़ाई बाकी है और वे युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे.
ADVERTISEMENT


