PM Modi Rajasthan Visit: राजस्थान के बाड़मेर जिले के पचपदरा में स्थित एचआरआरएल (HRRL) रिफाइनरी का 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकार्पण करने जा रहे हैं. इस मेगा प्रोजेक्ट के शुरू होने से न केवल देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन में भी क्रांतिकारी बदलाव आया है. कभी पानी की बूंद-बूंद को तरसने वाले इस इलाके में अब खुशहाली की लहर है.
ADVERTISEMENT
चेन्नई की नौकरी छोड़ लौटे गांव
रिफाइनरी ने स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोले हैं. एक ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी प्रेम प्रकाश की है, जो करीब 12-13 साल तक चेन्नई में चाय की दुकान चलाते थे. जैसे ही उन्हें पता चला कि उनके अपने गांव पचपदरा में रिफाइनरी आ रही है, वे वापस लौट आए. आज प्रेम प्रकाश अपनी 'चलती-फिरती दुकान' (बाइक पर चाय और नाश्ता) के जरिए मजदूरों और कर्मचारियों को सेवाएं दे रहे हैं और चेन्नई से बेहतर कमाई कर रहे हैं.
नमक के कारोबार से रिफाइनरी तक का सफर
पचपदरा कभी अपने नमक उत्पादन के लिए जाना जाता था, लेकिन प्राकृतिक आपदाओं और बाढ़ के कारण यहाँ की नमक की खदानें नष्ट हो गई थीं. इसके बाद यहाँ के लोगों को पलायन करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि 10 साल पहले तक यहाँ पीने का पानी भी नसीब नहीं होता था, लेकिन रिफाइनरी आने के बाद क्षेत्र की तरक्की की रफ्तार बहुत बढ़ गई है.
स्थानीय व्यापार को मिला बूस्ट
प्रधानमंत्री के सभा स्थल और रिफाइनरी परिसर में हजारों मजदूर और कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं. इससे चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वालों से लेकर गाड़ी मालिकों और अन्य छोटे व्यापारियों को बेहतरीन अवसर मिले हैं. प्रेम प्रकाश बताते हैं कि रिफाइनरी के कारण न केवल उनकी बल्कि उनके जैसे कई अन्य लोगों की आर्थिक स्थिति में बड़ा सुधार आया है.
21 अप्रैल को ऐतिहासिक पल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को इस बहुप्रतीक्षित रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे. लोकार्पण की तैयारियों के बीच पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. रिफाइनरी न केवल बाड़मेर बल्कि पूरे राजस्थान की अर्थव्यवस्था के लिए 'गेम चेंजर' साबित होने वाली है.
ADVERTISEMENT


