राजस्थान के अलवर से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक सनसनी फैलाने वाले एक ऐसे 'सीरियल अपराधी' की कहानी सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. महज 23 साल के राहुल मीणा ने कुछ ही घंटों के भीतर दो राज्यों में ऐसी वारदातों को अंजाम दिया, जिसने पुलिस प्रशासन को हिला कर रख दिया. पहले अलवर के राजगढ़ में अपने ही दोस्त की पत्नी के साथ दरिंदगी और फिर दिल्ली पहुंचकर एक आईआरएस (IRS) अधिकारी की बेटी का रेप व मर्डर.
ADVERTISEMENT
ऑनलाइन गेमिंग और कर्ज ने बनाया अपराधी
अलवर के राजगढ़ का रहने वाला राहुल मीणा ऑनलाइन गेमिंग और जुए का बुरी तरह आदी था. इस लत के कारण वह भारी कर्ज में डूब गया था. पैसों की इसी तंगी को दूर करने के लिए उसने अपराध का खौफनाक रास्ता चुना.
पहली वारदात: दोस्त की पत्नी के साथ दरिंदगी
मंगलवार की रात राहुल अलवर के राजगढ़ में अपने एक दोस्त के घर पहुंचा. दोस्त किसी शादी में गया हुआ था और घर में उसकी पत्नी अकेली थी. राहुल ने भरोसे का कत्ल करते हुए अपने ही दोस्त की पत्नी के साथ रेप किया. वारदात के बाद वह तुरंत वहां से फरार हो गया. पुलिस को चकमा देने के लिए उसने अपना मोबाइल ₹10,000 में बेच दिया और ₹6,000 में एक एंबुलेंस किराए पर लेकर दिल्ली के लिए निकल पड़ा.
दूसरी वारदात: IRS अधिकारी की बेटी का कत्ल और लूट
राहुल दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में पहुंचा, जहां वह पहले करीब 10 महीने तक नौकर के रूप में काम कर चुका था. उसे घर की हर छोटी-बड़ी जानकारी थी. उसे पता था कि आईआरएस अधिकारी और उनकी पत्नी सुबह वॉक पर जाते हैं. बुधवार सुबह करीब 6:39 बजे उसने घर में प्रवेश किया, अधिकारी की 22 साल की बेटी के साथ रेप किया और फिर उसकी हत्या कर दी. उसने घर से करीब ₹5.5 लाख कैश और कीमती सामान भी लूट लिया. पहचान छिपाने के लिए उसने भागते समय अपने कपड़े और जूते तक बदल लिए.
नौकरी से निकाले जाने की खुन्नस?
पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल जब वहां काम करता था, तब वह सामान लाने के लिए मिले पैसों का सट्टा खेलता था. इस हेरफेर की जानकारी होने पर अधिकारी ने उसे नौकरी से निकाल दिया था. माना जा रहा है कि लूट के साथ-साथ राहुल के मन में बदले की भावना भी थी.
होटल में छिपा था कातिल, पुलिस ने ऐसे दबोचा
वारदात को अंजाम देकर राहुल दिल्ली के द्वारका इलाके में एक ओयो (OYO) होटल में जाकर छिप गया. हालांकि, सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रेसिंग की मदद से दिल्ली पुलिस ने देर रात होटल में छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया.
ADVERTISEMENT


