कुंडा में राजा भैया की रामकथा में पहुंचे रविंद्र सिंह भाटी और पवन सिंह, भाटी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

• 01:07 PM • 19 Nov 2026

उत्तर प्रदेश के कुंडा में राजा भैया की ओर से आयोजित श्रीराम कथा में राजस्थान के विधायक रविंद्र सिंह भाटी और भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह पहुंचे. भाटी ने अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया दी. वहीं, पवन सिंह ने भजन गाए. आयोजकों को चार दिनों में पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है.

Ravindra Singh Bhati, Raja Bhaiya
Ravindra Singh Bhati, Raja Bhaiya
Google CTA

उत्तर प्रदेश के कुंडा में इन दिनों रामकथा के बहाने आस्था और सियासत दोनों की चर्चा हो रही है. जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और विधायक राजा भैया की ओर से आयोजित इस कथा में नेताओं से लेकर फिल्मी सितारों तक का जमावड़ा लग रहा है. बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा सुनने राजस्थान के निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी और भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह भी पहुंचे. यहां भाटी ने अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि राघव और माधव को बांटने की साजिश कभी कामयाब नहीं होगी.

Read more!

राजा भैया के बुलावे पर कुंडा पहुंचे रविंद्र सिंह भाटी

प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती में राजा भैया की ओर से श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है. इसमें बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रवचन दे रहे हैं. कथा के दूसरे दिन यानी 19 नवंबर को राजस्थान की शिव विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी और भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह समेत कई खास मेहमान पहुंचे. दोनों राजा भैया के विशेष निमंत्रण पर इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए. यहां मंच पर रविंद्र सिंह भाटी का जोरदार स्वागत किया गया. इसके बाद उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की और रामकथा सुनी.

'राघव और माधव को बांटने की साजिश नाकाम होगी'

कथा में शामिल होने पहुंचे रविंद्र सिंह भाटी ने मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया दी. अखिलेश यादव ने कथा में शामिल नहीं होने की बात कही थी. इस पर भाटी ने कहा कि वे केवल अपील ही करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि राघव और माधव को बांटने की कई साजिशें की गई हैं, लेकिन ये सफल नहीं होंगी. भाटी ने पाकिस्तान से आए विस्थापित शरणार्थियों के लिए आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम की भी तारीफ की. उन्होंने इसे बेहद सफल और अच्छा आयोजन बताया.

पवन सिंह ने भजन गाकर बांधा समां

रामकथा में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही. पंडाल में पहुंचते ही लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया. पवन सिंह ने कथा सुनने के साथ मंच से भजन भी गाए. इसके अलावा उन्होंने आरती में भी हिस्सा लिया. पवन सिंह ने कहा कि राजा भैया के आशीर्वाद से उन्हें इस पवित्र कथा में शामिल होने का मौका मिला है. यहां श्रद्धालुओं की आस्था और भाव देखकर उनका दिल खुश हो गया. उन्होंने कहा कि अपनी खुशी जाहिर करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं.

कुंडा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

राजा भैया की ओर से आयोजित इस कथा का असर पूरे कुंडा में दिखाई दे रहा है. परेड ग्राउंड से लेकर शहर की सड़कों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आ रही है. कई किलोमीटर तक लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है. श्रद्धालु माथे पर तिलक और हाथों में भगवा झंडे लेकर कथा स्थल पहुंच रहे हैं. इस दौरान जय श्रीराम, जय परशुराम और जय महाकाल के जयकारे गूंज रहे हैं. पंडाल में जगह कम पड़ने के कारण बड़ी संख्या में लोग बाहर बैठकर भी कथा सुन रहे हैं. श्रद्धालुओं का कहना है कि कुंडा का यह नजारा प्रयागराज के माघ मेले और महाकुंभ की याद दिला रहा है.

चार दिनों में पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

परेड ग्राउंड में लगे धार्मिक मेले में चाबी वाले बाबा लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. आयोजन स्थल के आसपास भगवा झंडों और धार्मिक सामग्री की दुकानें सजी हैं. सड़कों पर वाहनों के लंबे काफिले दिखाई दे रहे हैं. वहीं, दूर-दराज के इलाकों से कई लोग पैदल भी कथा स्थल पहुंच रहे हैं. इस आयोजन में कुंडा के अलावा आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु आ रहे हैं. आयोजकों का अनुमान है कि चार दिनों तक चलने वाली इस श्रीराम कथा में पांच लाख से अधिक लोग पहुंच सकते हैं.