राजस्थान के अलवर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 'लुटेरी दुल्हन' ने शादी के महज एक महीने के भीतर ही पूरे परिवार को चूना लगा दिया. इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने अपनी बीमार सास को रास्ते से हटाने के लिए खिचड़ी में फिनाइल मिलाकर खिला दिया और जब परिवार उन्हें अस्पताल लेकर भागा तो पीछे से घर साफ कर दिया.
ADVERTISEMENT
भरोसे और धोखे की शादी
पीड़ित युवक विक्रमजीत के अनुसार, उसकी मुलाकात बबली कौर के जरिए पिंकी कौर नाम की महिला से हुई थी. पिंकी ने खुद को शादी कराने वाली बताया और अपनी भांजी रेखा कौर का रिश्ता विक्रमजीत के लिए प्रस्तावित किया. पिंकी ने भरोसा दिलाया कि रेखा का पहले पति से तलाक हो चुका है. इसके बाद कोर्ट में लिव-इन एग्रीमेंट और गुरुद्वारे में रीति-रिवाजों के साथ दोनों की शादी हुई, जिस पर परिवार ने करीब 5 लाख रुपये खर्च किए.
खिचड़ी में जहर और घर में हाथ साफ
शादी के कुछ दिन बाद ही रेखा का व्यवहार बदलने लगा. आरोप है कि एक दिन रेखा ने अपनी बीमार सास को खिचड़ी में फिनाइल मिलाकर दे दिया. सास की तबीयत बिगड़ते ही पूरा परिवार आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर भागा. घर में अकेली रेखा ने इस मौके का फायदा उठाया और अलमारी में रखे सोने के नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठियां, चांदी के जेवर और करीब 60,000 रुपये नकद लेकर फरार हो गई.
जांच में खुली पोल
घटना के बाद जब विक्रमजीत ने पड़ताल की तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. उसे पता चला कि रेखा का अपने पहले पति गुलदीप से तलाक ही नहीं हुआ था और उसके दो बच्चे भी हैं. जब उसने बिचौलिया पिंकी कौर से संपर्क किया, तो आरोप है कि उसने धमकी देते हुए कहा, "यह हमारा धंधा है, तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते." साथ ही, मामले को दबाने के लिए 3 लाख रुपये की और मांग की गई.
कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज
विक्रमजीत का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने उसकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया. आखिरकार उसने कोर्ट की शरण ली. कोर्ट के आदेश पर अब अरावली विहार थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह कोई संगठित 'लुटेरी दुल्हन' गिरोह है जो भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बना रहा है.
ADVERTISEMENT


