राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाने में बीती रात जो कुछ हुआ उसने खाकी के इकबाल पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. बाइक से स्टंट करने और पटाखे फोड़ने से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. करीब 100 से ज्यादा लोगों की उग्र भीड़ ने थाने को घेरकर जमकर पथराव किया और पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडों से पीटकर अपने साथियों को लॉकअप से छुड़ा ले गए.
ADVERTISEMENT
बुलेट के पटाखों से शुरू हुआ बवाल
मामले की शुरुआत रात करीब 11 बजे हुई, जब दो युवक कस्बे में अपनी बुलेट बाइक से स्टंट कर रहे थे और साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाजें निकाल रहे थे. स्थानीय लोगों की शिकायत पर जब ASI मौके पर पहुंचे और उन्हें टोकना चाहा तो युवकों ने बदतमीजी शुरू कर दी. बात बढ़ी तो युवकों ने पुलिस अधिकारी के साथ ही हाथापाई करना शुरू कर दिया. इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दोनों को हिरासत में लिया और थाने ले आई.
थाने में 'तांडव', SHO को आए 8 टांके
जैसे ही युवकों की गिरफ्तारी की खबर उनके परिवारवालों और समर्थकों को मिली देखते ही देखते 100 से ज्यादा लोग लाठी-डंडे लेकर थाने पर चढ़ आए. भीड़ ने अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिससे थाने में अफरा-तफरी मच गई. इस हमले में गोविंदगढ़ थाना अधिकारी (SHO) धर्म सिंह बुरी तरह घायल हो गए. उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें 8 टांके लगाने पड़े हैं. हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि थाने के फर्श पर चारों तरफ खून के धब्बे और पत्थरों का ढेर नजर आ रहा था.
17 थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
भीड़ इतनी बेकाबू थी कि उन्होंने न सिर्फ पुलिसकर्मियों को पीटा, बल्कि थाने के बाहर खड़ी गाड़ियों के शीशे भी चकनाचूर कर दिए. मौका पाकर हमलावर पुलिस की गिरफ्त में मौजूद दोनों युवकों को छुड़ाकर साथ ले गए. मामले की गंभीरता देखते हुए एडिशनल एसपी प्रियंका श्रीवास्तव भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचीं. हालात पर काबू पाने के लिए जिले के करीब 17 थानों की पुलिस फोर्स को गोविंदगढ़ में तैनात करना पड़ा.
अब तक 20 हिरासत में, दबिश जारी
पुलिस अब एक्शन मोड में है. हमलावरों की पहचान कर उनके ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. ताजा जानकारी के अनुसार, अब तक 20 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल पूरे इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भारी पुलिस बल तैनात है.
ये भी पढ़ें: कैमरे हटाए, दी घमकी... क्या खत्म हो गई शेखावाटी के मशहूर कॉमेडियन Panku और Bannu की बरसों पुरानी
ADVERTISEMENT


